छत्तीसगढ़ / रायपुर

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आत्मनिर्भरता का संबल, श्रृंगार व्यवसाय को मिली नई मजबूती

 रायपुर, 19 अगस्त 2026

छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। यह राशि महिलाओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ उन्हें छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में भी सहयोग दे रही है।

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ परियोजना अंतर्गत ग्राम खरखोद निवासी श्रीमती मोनी साहू महतारी वंदन योजना का लाभ लेकर अपने श्रृंगार सामग्री के व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं। वे गांव में श्रृंगार सामग्री की दुकान संचालित करती हैं और योजना से प्राप्त राशि का उपयोग दुकान के लिए आवश्यक सामग्री खरीदने में करती हैं।

श्रीमती मोनी साहू बताती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली प्रतिमाह 1 हजार रुपये की राशि से वे चूड़ी, बिंदी सहित अन्य श्रृंगार सामग्री खरीदती हैं। इससे दुकान में ग्राहकों की जरूरत के अनुसार सामान उपलब्ध रखने में मदद मिलती है और उनका व्यवसाय निरंतर आगे बढ़ रहा है। योजना की आर्थिक सहायता ने उनके छोटे व्यवसाय को मजबूती देने के साथ आत्मनिर्भर बनने का भरोसा भी बढ़ाया है।

श्रीमती मोनी साहू ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए आर्थिक संबल का माध्यम बनी है। योजना से मिलने वाली सहायता का उपयोग वे अपने व्यवसाय में कर रही हैं, जिससे उनकी आय के साधन को मजबूत करने में मदद मिल रही है। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए योजना संचालित करने पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave Your Comment

Click to reload image