छत्तीसगढ़ / रायपुर

दोस्तों से लगी शर्त बनी जानलेवा, ब्लू वाटर में डूबने से 24 वर्षीय युवक की मौत

 रायपुर । राजधानी में दोस्तों के साथ घूमने निकले 24 वर्षीय युवक की एक दर्दनाक हादसे में जान चली गई। मौदहापारा निवासी आदिल खान अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर पहुंचा था। यहां दोस्तों के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने की शर्त लग गई। इसी दौरान आदिल ने ब्लू वाटर के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की कोशिश की, लेकिन गहरे पानी में डूब गया।

जानकारी के मुताबिक घटना शाम करीब 6 बजे की है। आदिल अपने दोस्तों के साथ ब्लू वाटर घूमने पहुंचा था। इसी दौरान दोस्तों के बीच यह शर्त लगी कि कौन पानी में उतरकर एक किनारे से दूसरे किनारे तक पहुंच सकता है। शर्त के बाद आदिल और उसका एक दोस्त पानी में कूद गए। उसका दोस्त तैरकर दूसरे छोर तक पहुंच गया, लेकिन आदिल गहरे पानी में चला गया और फिर दिखाई नहीं दिया।

कुछ देर तक आदिल के वापस नहीं आने पर दोस्तों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।

गहरे पानी में चलाया गया सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन रात होने और ब्लू वाटर की अधिक गहराई के कारण सर्च ऑपरेशन में दिक्कतें आने लगीं। सुरक्षा को देखते हुए रात में सर्च ऑपरेशन रोक दिया गया।

अधिकारियों के अनुसार सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाना था। एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश के लिए पूरी तैयारी के साथ अभियान चलाएगी।

 
 
 
 

घटना के बाद आदिल खान के परिवार और परिचितों में चिंता और मातम का माहौल है। पुलिस ने उसके साथ मौजूद दोस्तों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा दोस्तों के बीच लगी शर्त के दौरान हुआ।

गहरे पानी में जाने से बचने की अपील
हादसे ने एक बार फिर ब्लू वाटर जैसे गहरे जल क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गहरे पानी में बिना सुरक्षा इंतजाम के न उतरें और किसी भी तरह की शर्त या रोमांच के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।

 

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image