छत्तीसगढ़ / रायपुर

शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 रायपुर । शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दंतेवाड़ा में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तत्वाधान में भव्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों एवं मतदान के प्रति जागरूकता का प्रसार करना रहा।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन निर्वाचन विभाग की ओर से मुख्य अतिथि तहसीलदार श्री पी. एन. बंजारे उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए (ईएलसी) के महत्व एवं उद्देश्यों की जानकारी दी तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक मतदाता की भूमिका पर प्रकाश डाला। नायब तहसीलदार श्री भादु राम धनकर ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व से विद्यार्थियों को अवगत कराया। महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शिखा सरकार एवं डॉ. रत्नबाला मोहंती ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए मतदाता जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने पर जोर दिया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. के. एम. प्रसाद ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे मतदाता जागरूकता के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। स्वीप नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार लहरी ने (ईएलसी) से जुड़े विद्यार्थियों को जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में रंगोली, निबंध, पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अतिथि व्याख्याता, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image