छत्तीसगढ़ / सूरजपुर

“रक्षाबंधन से पहले मिली महतारी वंदन की राशि, जावित्री ने कहा - विष्णु भैया ने हमारी खुशियां कर दीं दोगुनी”

 सूरजपुर । छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के साथ उनके जीवन में खुशियों और आत्मविश्वास की नई रोशनी लेकर आ रही है। योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 30 वीं किस्त के रूप में महिलाओं के बैंक खातों में एक हजार रुपये की राशि अंतरित की है। 

सूरजपुर की जावित्री साहू के लिए यह राशि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर एक विशेष सौगात बनकर आई है। उनके लिए योजना की राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपने मायके और भाइयों से जुड़े स्नेह के पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाने का माध्यम बनी है।

जावित्री साहू अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक होकर बताती हैं कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, स्नेह और विश्वास का त्योहार है। उन्होंने कहा कि इस बार राखी से पहले उनके खाते में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा महतारी वंदन योजना की 30 वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि अंतरित की गई है। यह राशि ऐसे समय में मिली है, जब पूरा परिवार रक्षाबंधन की तैयारियों में जुटा है। उन्होंने कहा, “हमारे भैया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने रक्षाबंधन से पहले हमारे खाते में एक हजार रुपये भेजकर हमारी खुशियां दोगुनी कर दी हैं। अब हम इस राशि से भाइयों की कलाई पर बांधने के लिए राखी, मिठाई, फल और त्योहार से जुड़ी अन्य आवश्यक चीजें खरीदेंगे।”

साहू बताती हैं कि महतारी वंदन योजना की नियमित आर्थिक सहायता गृहिणियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रही है। महिलाएं अपनी जरूरत के अनुसार इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, दवाइयों, फल-फ्रूट और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। उनके अनुसार, परिवार की छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए जब महिला के पास अपनी राशि होती है, तो उसके भीतर आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता भी बढ़ती है।

रक्षाबंधन के अवसर पर मिली योजना की राशि ने साहू के लिए शासन की पहल को एक आत्मीय अनुभव में बदल दिया है। राखी के धागे में भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती और त्योहार की तैयारियों में सरकार की सहायता का यह संयोग उनके लिए यादगार बन गया है।

जावित्री साहू ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करने और त्योहार से पहले उनके खाते में राशि अंतरित करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि महिलाओं के लिए सम्मान, भरोसे और आत्मनिर्भरता का आधार बन रही है। उनके लिए इस बार रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि सरकार के सहयोग से परिवार की खुशियों को अपने हाथों से संवारने का अवसर भी है।

Leave Your Comment

Click to reload image