गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही : हिट एंड रन के प्रकरणों की कलेक्टर ने की समीक्षारू लंबित प्रकरणों को शीघ्रता से निराकृत करने के निर्देश
कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित टक्कर मार कर भागना मोटर यान दुर्घटना पीड़ित प्रतिकर स्कीम (जिला स्तरीय हिट एंड रन समिति) की बैठक में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने दर्ज, निराकृत एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज खिलारी, डीएफओ श्री निशांत कुमार सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे। परिवहन विभाग द्वारा बताया कि जिले में 30 प्रकरणों में दुर्घटनाकारित वाहनों का पता चला है। इनमें सेे 6 प्रकरणों में निपटान आयुक्त द्वारा आदेश पारित कर दिया गया है तथा 5 प्रकरणों में साधारण बीमा परिषद द्वारा दावाकर्ता के विधिक प्रतिनिधि के बैंक खाते में ई-संदाय कर दिया गया है। कलेक्टर ने लंबित प्रकरणों को शीघ्रता से निराकृत करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इस योजना के तहत भारत सरकार हिट एंड रन मोटर दुर्घटनाओं के पीड़ितों को मृत्यु की स्थिति में 2 लाख रुपये (मृतक के कानूनी प्रतिनिधियों को) और गंभीर चोट के मामले में 50 हजार रुपये मुआवजा प्रदान किया जाता है।