छत्तीसगढ़ / रायपुर

महतारी वंदन के विरोध से कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता उजागर : रवि सिन्हा

 रायपुर ।  नेता प्रतिपक्ष के हालिया बयान में स्पष्टता का घोर अभाव दिखाई दे रहा है। एक ओर वे माताओं-बहनों को हर महीने आर्थिक संबल प्रदान करने वाली महतारी वंदन योजना को बंद करने की बात करते नजर आते हैं, वहीं दूसरी ओर इसी योजना की कमियां गिनाकर अपनी बात रखने का प्रयास कर रहे हैं। कभी महंगाई का मुद्दा उठाया जाता है, तो कभी महतारी वंदन योजना को लेकर भ्रम पैदा किया जाता है। आखिर उनका वास्तविक रुख क्या है, यह जनता के लिए समझ पाना भी मुश्किल हो गया है।
पार्षद रवि सिन्हा ने कहा कि माताओं-बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता देने वाली महतारी वंदन योजना का विरोध कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को स्पष्ट रूप से उजागर करता है। कांग्रेस का इतिहास भी बताता है कि जब-जब महिलाओं को अधिकार और सम्मान देने की दिशा में कोई बड़ा कदम उठाया गया, कांग्रेस ने उसका विरोध किया। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में कांग्रेस द्वारा दर्ज कराए गए विरोध का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त होते देखना कांग्रेस को स्वीकार नहीं है।

 

 

उन्होंने कहा कि केवल बयानबाजी कर अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराने और बेसिर-पैर की बातें करके राजनीतिक कद बढ़ाने की नाकाम कोशिश करने के बजाय नेता प्रतिपक्ष को अपनी ऊर्जा अपने वार्ड और शहर के विकास में लगानी चाहिए। जनता ने जनप्रतिनिधियों को समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए चुना है, न कि हर विषय को राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बनाने के लिए।रवि सिन्हा ने कहा कि महतारी वंदन योजना को लेकर कांग्रेस को अपना रुख पहले स्पष्ट करना चाहिए—क्या वह माताओं-बहनों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के पक्ष में है या उसके विरोध में? जनता अब भ्रम और बयानबाजी नहीं, बल्कि स्पष्ट नीति, जिम्मेदार राजनीति और धरातल पर दिखाई देने वाला विकास चाहती है।

Leave Your Comment

Click to reload image