सेवा संकल्प अभियान की जिला टोली में प्रदेश मंत्री विनय साहू सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल
मुंगेली |
2026-08-31 13:51:07
सेवा संकल्प अभियान की जिला टोली में प्रदेश मंत्री विनय साहू सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल
मुंगेली - भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत मुंगेली जिले में अभियान को प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित करने के लिए जिला टोली का गठन किया गया है। जिला टोली में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, जिला महामंत्री संयोजक गुरमीत सलूजा, जिला मंत्री रिंकू सिंह एवं भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राकेश साहू सहित प्रदेश मंत्री विनय साहू को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर, रायपुर में आयोजित प्रदेशस्तरीय कार्यशाला में भाजपा प्रदेश मंत्री विनय साहू ने सहभागिता की कार्यशाला में अभियान के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक तैयारियों एवं कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए अभूतपूर्व विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राष्ट्रीय मंत्री डॉ. कविता पाटीदार, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एवं इस अभियान के संयोजक व प्रदेश महामंत्री भाजपा यशवंत जैन सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
तेरह प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से चलेगा अभियान
प्रदेश मंत्री विनय साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत आशीर्वाद का दिया,सपनों का भारत,नमो सेवा गाथा,आंगन का उत्सव,कहानी बदलाव की विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, वडनगर से वाराणसी, सेवा मेरा योगदान,सेवा सेतु अभियान,राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज,जन सेवक महाकुंभ, तथा पंचायत से पार्लियामेंट तक जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
श्री साहू ने कहा कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। भाजपा कार्यकर्ता संगठन की भावना के अनुरूप पूरी सक्रियता एवं समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाने के लिए कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत एवं राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता मिली है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से इन उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।