ट्रंप ने किया एलीट यूएस स्पेस एकेडमी का ऐलान
वाशिंगटन । अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को चांद और उससे आगे के मिशनों के लिए स्पेस प्रोफेशनल्स की पूरी पीढ़ी तैयार करनी होगी। इसके लिए उन्होंने देश की पहली स्पेस एकेडमी को डिजाइन करने के लिए एक कमीशन बनाने का आदेश दिया। राष्ट्रपति ट्रंप ने नासा के जॉनसन स्पेस सेंटर में एक भाषण के दौरान कहा, यूएस स्पेस फोर्स और कमर्शियल स्पेस इंडस्ट्री के तेजी से विकास और चांद और चांद से भी आगे हमारी महत्वाकांक्षाओं के विस्तार को देखते हुए, यह स्पष्ट है कि हमें कुशल सर्विस मेंबर्स, इंजीनियर्स और सिविल ऑपरेटर्स की पूरी पीढ़ी को शिक्षित और प्रशिक्षित करने की आवश्यकता होगी।
उन्होंने कहा, इसीलिए मैं एक नई नेशनल एकेडमी बनाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करूंगा जिसे यूएस स्पेस एकेडमी कहा जाएगा। डोनाल्ड ट्रंप ने इस आदेश पर उस समारोह के दौरान हस्ताक्षर किए, जिसमें उन्होंने आर्टेमिस-2 के चार सदस्यों को कांग्रेशनल स्पेस मेडल ऑफ ऑनर प्रदान किया।
यह आदेश यूनाइटेड स्टेट्स स्पेस एकेडमी पर एक राष्ट्रपति आयोग बनाता है। प्रस्तावित नासा के नेतृत्व वाला यह संघीय संस्थान तकनीकी शिक्षा के साथ नेतृत्व प्रशिक्षण, अनुशासन और सार्वजनिक सेवा को भी जोड़ेगा। नासा के प्रशासक जेरेड आइजैकमैन इस आयोग की अध्यक्षता करेंगे। नासा के उप प्रशासक मैट एंडरसन इसके कार्यकारी निदेशक के रूप में काम करेंगे। पैनल के पास गवर्नेंस स्ट्रक्चर, पाठ्यक्रम, प्रवेश आवश्यकताओं, ग्रेजुएट सेवा दायित्वों और स्थायी स्थान की सिफारिश करने के लिए 120 दिन हैं। यह पायलट प्रोग्राम, साझेदारी, कानून और कार्यान्वयन को भी संबोधित करेगा।