दो वर्ष से निष्क्रिय श्रमिक पंजीयन कार्डों के नवीनीकरण हेतु पोर्टल पुनः शुरू
पात्र निर्माण श्रमिक नजदीकी केंद्र में कराएं पंजीयन का नवीनीकरण
सूरजपुर अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्माण श्रमिकों के हित में महत्वपूर्ण पहल करते हुए दो वर्ष से अधिक समय से निष्क्रिय पड़े श्रमिक पंजीयन कार्डों के नवीनीकरण हेतु पोर्टल पुनः खोल दिया गया है। इससे पात्र निर्माण श्रमिक अपने पुराने पंजीयन का नवीनीकरण कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पुनः प्राप्त कर सकेंगे।
श्रमिक पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण नजदीकी चॉइस सेंटर (सीएससी), श्रम सुविधा केंद्र अथवा आयोजित किए जा रहे विशेष शिविरों के माध्यम से कराया जा सकता है। नवीनीकरण के लिए पुराना श्रमिक कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक तथा लाइव फोटो आवश्यक है।
पंजीयन का नवीनीकरण होने के पश्चात पात्र श्रमिकों को छात्रवृत्ति, प्रसूति सहायता, नोनी सशक्तिकरण, सियान सहायता तथा श्रमिक पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ पुनः प्राप्त हो सकेगा। मंडल द्वारा सभी पात्र निर्माण श्रमिकों से समय पर अपने पंजीयन कार्ड का नवीनीकरण कराने की अपील की गई है।