प्रयास आवासीय विद्यालयों में कक्षा 9 वीं प्रवेश के लिए तृतीय काउंसलिंग शुरू
मूल दस्तावेजों के साथ पहुंचना अनिवार्य
धमतरी, 03 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9 वीं में प्रवेश की तृतीय काउंसलिंग शुरू हो गई है। कार्यालय कलेक्टर (आदिवासी विकास) धमतरी द्वारा काउंसलिंग की तिथि एवं आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
काउंसलिंग 3 से 9 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालय, बीजापुर में सीट रिक्त रहने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के विद्यार्थियों की काउंसलिंग 3 से 9 सितंबर तथा 10 से 15 सितंबर तक प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय, गुढ़ियारी जनता कॉलोनी, एफसीआई गोदाम के पास, रायपुर में होगी।
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
विद्यार्थियों एवं पालकों को काउंसलिंग स्थल पर मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इनमें कक्षा 8वीं की अंकसूची तथा प्रधानपाठक/प्राचार्य द्वारा 8वीं में अध्ययनरत होने का सत्यापन प्रमाण-पत्र, सक्षम अधिकारी द्वारा जारी जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र शामिल हैं।नक्सल पीड़ित परिवार के विद्यार्थियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी प्रमाण-पत्र, अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों को ₹10 के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पेपर पर नोटरी सत्यापन तथा विशेष पिछड़ी जनजाति, दिव्यांग, अनाथ अथवा भूतपूर्व सैनिक के बच्चे होने संबंधी प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा।
काउंसलिंग के बाद चयनित विद्यार्थियों को तीन दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा काउंटर-साइन किया हुआ स्थानांतरण प्रमाण-पत्र तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने पात्र विद्यार्थियों और उनके पालकों से निर्धारित तिथि में सभी मूल दस्तावेजों के साथ काउंसलिंग में उपस्थित होने की अपील की है।