छत्तीसगढ़ / रायपुर

सिटी कोतवाली के बंदी गृह में होगा श्रीकृष्ण जन्म का जीवंत मंचन

 रायपुर । जन्माष्टमी के अवसर पर रायपुर के थाना सिटी कोतवाली में इस बार भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा का अनोखा और जीवंत मंचन देखने को मिलेगा। कृष्ण मित्र फाउंडेशन के पदाधिकारियों, सदस्यों और थाना सिटी कोतवाली स्टाफ के सहयोग से मथुरा के कारागार के दृश्य को नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से साकार किया जाएगा।


4 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे होगा मंचन
आयोजन के तहत थाना सिटी कोतवाली के बंदी गृह को मथुरा के कारागार के रूप में सजाया गया है। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। नाट्य प्रस्तुति में माता देवकी और वासुदेव को हथकड़ियों से बांधा जाएगा, जबकि कंस की गर्जना से कारागार का माहौल जीवंत किया जाएगा।

भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद कारागार के दरवाजे स्वतः खुलने और पहरेदारों के बेसुध होने का दृश्य भी मंचित किया जाएगा। इसके बाद वासुदेव भगवान श्रीकृष्ण को टोकरी में लेकर शेषनाग की छत्रछाया में सदर बाजार स्थित गोपाल मंदिर की ओर जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को भगवान के दर्शन कराए जाएंगे।

11वें वर्ष में भी जारी है आयोजन
कृष्ण मित्र फाउंडेशन के अध्यक्ष माधव लाल यादव ने बताया कि यह आयोजन लगातार 11वें वर्ष किया जा रहा है। इस वर्ष भी थाना सिटी कोतवाली के कारागार को भव्य रूप से सजाया गया है। जन्माष्टमी पर्व धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ मनाया जाएगा।

आयोजन में भगवान को 56 भोग, पंजीरी, फल-फूल और मेवा अर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही भजन-कीर्तन, महाआरती और प्रसाद वितरण का भी आयोजन होगा।

इन लोगों को मिली जिम्मेदारी
कारागार सजावट: अचला स्वामी, खुशी झंवर, रिया यादव
वासुदेव की भूमिका: सुनील यादव
माता देवकी की भूमिका: हेमलता यादव
कंस महाराज की भूमिका: डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर, रंगमंच कलाकार
मीडिया प्रभारी: धन्नूलाल देवांगन, विजयपाल
56 भोग व्यवस्था: चंदा पाल, लता चंद्राकर
महाआरती: मीना यादव, रेखा झंवर, ममता कुर्मी
शोभायात्रा/गोपाल मंदिर दर्शन: गोवर्धन झंवर, ऋषभ लोया, रतन बैद, संजय चंद्राकर
महाप्रसाद वितरण: राजू यादव, हिमांशु यादव

जन्माष्टमी पर थाना सिटी कोतवाली में होने वाली यह नाट्य प्रस्तुति श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है। कारागार के दृश्य, कंस की गर्जना और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद वासुदेव द्वारा उन्हें गोपाल मंदिर ले जाने का प्रसंग आयोजन को खास बनाएगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image