छत्तीसगढ़ / सरगुजा

संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय एवं नंदी फाउंडेशन के मध्य महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास के लिए एमओयू

 अम्बिकापुर । संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय के दार्रीपारा सिटी कैंपस में विश्वविद्यालय एवं नंदी फाउंडेशन हैदराबाद के मध्य महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम  के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किया गया। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय की छात्राओं के महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास को बढ़ावा देना है। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को रोजगारपरक कौशल, व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, करियर संबंधी मार्गदर्शन तथा कार्यस्थल के लिए आवश्यक व्यावहारिक दक्षताओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट  में अध्ययनरत छात्राओं के लिए एक उत्कृष्ट अवसर है। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को अपने कौशल को विकसित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा भविष्य में रोजगार एवं करियर के बेहतर अवसर प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर राजेंद्र लाकपाले ने विश्वविद्यालय में छात्र-केंद्रित एवं कौशल-आधारित कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में स्किल, कॉन्फिडेंस, कम्युनिकेशन और एम्प्लॉयबिलिटी विकसित करना भी आवश्यक है। नंदी फाउंडेशन के साथ यह सहयोग छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय एवं नंदी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों द्वारा एमओयू दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए तथा दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए नंदी फाउंडेशन एवं महिंद्रा प्राइड क्लासरूम प्रोग्राम के प्रति आभार व्यक्त किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की छात्राओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

 

Leave Your Comment

Click to reload image