छत्तीसगढ़ / रायपुर

नवाचारी गतिविधियों के लिए उद्घोष टीम की वालंटियर शिक्षिका चंचल शुक्ला सम्मानित

 

 
 
रायपुर। शहीद स्मारक भवन, जयस्तंभ चौक में आयोजित ‘गुरु वंदन’ तिरंगा फेस्ट के ग्रैंड फिनाले में कला, संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में करीब 30 प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसी अवसर पर नवाचारी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उद्घोष टीम की वालंटियर एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा, धरसीवां की शिक्षिका श्रीमती चंचल शुक्ला को कलेक्टर एवं नगर निगम कमिश्नर के हाथों सम्मानित किया गया।
 
सितंबर माह को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को समर्पित करते हुए आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन रायपुर के अभिनव प्रयास से किया गया। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, कथक, भरतनाट्यम, नृत्य, गीत, देशभक्ति गीत एवं वर्चुअल एयर प्रोग्राम सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया।
 
20 वर्षों से नवाचार के जरिए विज्ञान शिक्षा को बनाया सरल
 
शिक्षिका चंचल शुक्ला को शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 20 वर्षों से विज्ञान को कला एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए सम्मानित किया गया। उन्होंने ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आसपास उपलब्ध अनुपयोगी एवं सामान्य सामग्रियों से विज्ञान के सिद्धांतों को सरल और रोचक तरीके से समझाने का कार्य किया है।
 
इसके साथ ही वे विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए सीड बॉल्स बनाने और उनके उपयोग के लिए भी प्रेरित करती रही हैं। उनके इन नवाचारी प्रयासों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने में मदद मिली है।
 
नन्हे कलाकारों से लेकर शिक्षकों तक ने दिखाई प्रतिभा
 
‘गुरु वंदन’ ग्रैंड फिनाले में करीब पांच वर्ष की उम्र के नन्हे कलाकारों ने भी मंच संभाला और अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता में 5 से 15 वर्ष तथा 15 से 70 वर्ष के दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए थे। इससे एक ही मंच पर बच्चों की प्रतिभा और वरिष्ठ प्रतिभागियों के अनुभव का सुंदर संगम देखने को मिला।
 
‘गुरु वंदन’ की थीम के अनुरूप शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी संयुक्त रूप से प्रस्तुतियां दीं। शिक्षक जब कलाकार की भूमिका में मंच पर उतरे तो गुरु-शिष्य परंपरा का भाव साकार होता नजर आया।
 
कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर पालिक निगम रायपुर के कमिश्नर श्री संबित मिश्रा, नगर निगम बिरगांव के कमिश्नर श्री युगल किशोर उर्वशा, अपर कलेक्टर श्री नवीन ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री कीर्तिमान राठौर तथा पार्षद श्री अमर गिदवानी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
 
विद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं
 
शिक्षिका चंचल शुक्ला के सम्मानित होने पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा, धरसीवां के प्राचार्य विजय नायक एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। ग्राम पंचायत सांकरा के सरपंच रघुनाथ साहू, उपसरपंच योगेश साहू, पंच हेमंत बंजारे एसएमसी अध्यक्ष एवं पंचगण ने भी उनके शैक्षणिक एवं सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए बधाई प्रेषित की।
 
हर माह बदलेगी तिरंगा फेस्ट की थीम
 
कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा फेस्ट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि हर महीने इसकी थीम बदलेगी। समाज के अलग-अलग वर्गों और महापुरुषों को केंद्र में रखकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आने वाले महीनों में महापुरुषों की जयंती एवं महत्वपूर्ण अवसरों को ध्यान में रखते हुए तिरंगा फेस्ट की थीम निर्धारित की जाएगी।

Leave Your Comment

Click to reload image