छत्तीसगढ़ / कांकेर

सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगी 13 प्रमुख पहल

जिला प्रशासन द्वारा की जा रही समुचित तैयारियां

उत्तर बस्तर कांकेर, 16 सितम्बर 2026

जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ का आयोजन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। सेवा, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार, स्वच्छता, जल संरक्षण, नवाचार एवं सुशासन को जनभागीदारी के माध्यम से बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के सफल क्रियान्वयन एवं व्यापक आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही है। जिला स्तर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल तथा अपर कलेक्टर, जिला प्रभारी अधिकारी को सहायक नोडल बनाया गया हैै। इसी प्रकार जनपद स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी को नोडल एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सहायक नोडल की जिम्मेदारी दी गई है।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में 13 प्रमुख पहल आयोजित होगीं, इस पहल के प्रथम चरण में 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम निर्धारित है, जिसके तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम पीएमश्री स्कूल नरहरदेव विद्यालय कांकेर के मैदान में भारत का मानचित्र तैयार कर उसमें 51 हजार दीया जलाने का लक्ष्य रखा गया है। जिले के विकासखंडों में 05 लाख दीप प्रज्वलन का लक्ष्य रखा गया है, साथ ही प्रत्येक विकासखण्ड के 05-05 ग्राम पंचायत इस प्रकार 35 ग्राम पंचायतों के शत-प्रतिशत घरों में दीया जलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अतिरिक्त भी ग्राम पंचायतों के सभी घरों में दीया जलाने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित किए जाएंगे। जिले के महत्वपूर्ण स्थलों जैसे-अमृत भारत स्टेशन, पुनर्वास केन्द्र मुल्ला, पीएमश्री विद्यालय चारामा, केन्द्रीय विद्यालय सिंगारभाट, नवोदन विद्यालय करप, पीजी कॉलेज कांकेर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय अंतागढ़, जंगलवार कॉलेज सिंगारभाट, मावा मोदोल लाइब्रेरी कांकेर और पोस्ट ऑफिस कांकेर में आर्शीवाद का दीया जलाया जाएगा।

इसी तरह ‘मेरे सपनों का भारत चित्र सेवा’ पहल के तहत 17 सितंबर से 07 अक्टूबर तक भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, जिसमें 89,472 प्रतिभागी स्कूल स्तर से ब्लॉक स्तर और अंतिम चरण में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे। वहीं ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक 83 गतिविधियों और 18 से 20 नाट्य टोलियों के माध्यम से 12,450 प्रतिभागियों की सहभागिता प्रस्तावित है। ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक पौष्टिक थाली, व्यंजन प्रदर्शन, खेल एवं सम्मान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, इसमें 55,742 प्रतिभागियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। ‘सेवा की कहानी’ पहल के अंतर्गत हितग्राहियों की सफलता की कहानियों का वीडियो के माध्यम से संकलन किया जाएगा तथा 35 गतिविधियों के साथ रील प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के दौरान ‘सेवा संकल्प यात्रा’ 03 से 04 दिवसीय अवधि में आयोजित की जाएगी, जिसमें 10 डिजिटल क्रिएटर्स द्वारा 04 परिवर्तनकारी स्थलों का अध्ययन-भ्रमण किया जाएगा। ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के तहत 07 अक्टूबर को ग्राम पंचायतों से पदयात्रा/बाइक रैली आयोजित की जाएगी।

इसी प्रकार ‘जल जन सेवा संकल्प’ के तहत जलस्रोतों की सफाई, संरक्षण एवं श्रमदान की 175 गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिसमें 17,860 प्रतिभागियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। वहीं ‘सेवा-मेरा योगदान’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रत्येक नागरिक द्वारा न्यूनतम 25 मिनट सेवा का योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा, इसके लिए 181 गतिविधियां आयोजित की जाएगी। ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत 01 से 07 अक्टूबर तक जिले में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किए जाएंगे। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ पहल के अंतर्गत 09 अक्टूबर को विकसित भारत थीम पर रंगोली प्रतियोगिता में पीएम श्री स्कूल नरहरदेव में वृहद रंगोली बनाई जाएगी। इस पहल में 3,801 गतिविधियों और 27,000 प्रतिभागियों की सहभागिता का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत विद्यार्थियों, युवाओं एवं स्टार्टअप्स के लिए नवाचार गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, साथ ही ऑनलाइन आवेदन के संबंध में सहायता दी जाएगी । ‘सुशासन सेवा संवाद’ के अंतर्गत 17 अक्टूबर को उत्कृष्ट सरपंचों एवं जनप्रतिनिधियों का चिन्हांकन एवं राष्ट्रीय समागम हेतु चयन प्रक्रिया की जाएगी।

अभियान की प्रत्येक पहल की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा फोटो-वीडियो अभिलेखीकरण के साथ सोशल मीडिया एवं  My Bharat के माध्यम से प्रचार-प्रसार  किया जाएगा। कार्यक्रम स्थलों, अनुमतियों, सुरक्षा, यातायात एवं ध्वनि व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन के समन्वय से आवश्यक तैयारियां की जाएंगी। 

Leave Your Comment

Click to reload image