कोंडागांव : सालेभाट में नवीन धान खरीदी केंद्र हेतु विधायक नीलकंठ टेकाम ने किया भूमिपूजन
10 गांवों के किसानों को अपने क्षेत्र में ही मिलेगी धान विक्रय की सुविधा
आदिम जाति सेवा सहकारी समिति सालेभाट के अंतर्गत नवीन धान खरीदी केंद्र सालेभाट के लिए आज भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में केशकाल विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम प्रमुखों, किसान प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत सालेभाट की सरपंच श्रीमती अंजू तुलेश नेताम ने की। क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से पहुंचे सरपंच, ग्राम पटेल, गायता एवं जनप्रतिनिधियों ने नवीन धान खरीदी केंद्र की स्थापना को क्षेत्र के किसानों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। इस केंद्र के शुरू होने से ग्राम पंचायत सालेभाट एवं चिपरेल के अंतर्गत आने वाले 10 गांवों के किसानों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही धान विक्रय की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने कहा कि गांव में नवीन धान खरीदी केंद्र की शुरुआत होना क्षेत्र के किसानों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य के लिए उन्हें धान विक्रय के लिए दूर नहीं जाना पड़े, इसके लिए शासन द्वारा लगातार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
विधायक श्री टेकाम ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सभी से सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सभी नागरिक अपने-अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर सहभागिता करें।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति और विकास का वातावरण बनने से अब हमें विकास की गति को और तेज करते हुए आगे बढ़ना है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
नवीन धान खरीदी केंद्र शुरू होने से किसानों को धान विक्रय के लिए दूरस्थ केंद्रों तक परिवहन करने में लगने वाले समय और अतिरिक्त परेशानी से राहत मिलेगी। इससे क्षेत्र के किसानों के लिए धान विक्रय प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। ग्रामीणों ने नवीन धान खरीदी केंद्र की स्थापना पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में श्री आकाश मेहता, नगर पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्री बिहारी लाल शोरी, श्री लम्बोदर सलाम, श्री रामेश्वर उसेण्डी, श्री अशोक नेताम, श्री राजकिशोर राठी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष श्री भूपेश सिन्हा, जनपद सदस्य एवं कृषि सभापति श्री राम चरित्र मण्डावी, ग्राम पंचायत चिपरेल के सरपंच श्री सच कुमार मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।