दशहरा-दिवाली और शीतकालीन छुट्टियों का ऐलान, 15 दिन बंद रहेंगे स्कूल
रायपुर । छत्तीसगढ़ के स्कूली विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। राज्य के शैक्षणिक संस्थानों में वर्ष 2026 के दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार शासकीय, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में तीनों अवसरों पर कुल 15 दिनों की छुट्टियां रहेंगी।
दशहरा पर 5 दिन की छुट्टी
आदेश के मुताबिक दशहरा अवकाश 17 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक रहेगा। इस दौरान विद्यार्थियों को लगातार 5 दिनों का अवकाश मिलेगा।
दीपावली पर भी 5 दिन बंद रहेंगे स्कूल
दीपावली के त्योहार के लिए 6 नवंबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक छुट्टी घोषित की गई है। यानी दीपावली पर भी स्कूल 5 दिनों तक बंद रहेंगे।
दिसंबर में शीतकालीन अवकाश
वर्ष के अंत में विद्यार्थियों को शीतकालीन छुट्टी मिलेगी। 24 दिसंबर 2026 से 28 दिसंबर 2026 तक स्कूलों में 5 दिनों का शीतकालीन अवकाश रहेगा।
पिछले सत्र में 18 दिनों की थी छुट्टी
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में इन तीनों अवसरों पर कुल 18 दिनों का अवकाश दिया गया था। दशहरा पर 29 सितंबर से 4 अक्टूबर 2025 तक 6 दिन, दीपावली पर 20 से 25 अक्टूबर 2025 तक 6 दिन और शीतकालीन अवकाश 22 से 27 दिसंबर 2025 तक 6 दिनों का था।
इस तरह पिछले सत्र के मुकाबले वर्ष 2026 में दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश को मिलाकर कुल 15 दिन की छुट्टियां निर्धारित की गई हैं।