दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने शांति समिति की बैठक आयोजित
कोण्डागांव,नवम्बर 2026
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोण्डागांव के कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दीपावली, छठ पर्व एवं अन्य त्योहारों को हर्षाेल्लास एवं शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई। बैठक में सर्व समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में थाना प्रभारी कोण्डागांव द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सुझाव दिए गए। दीपावली पर्व के दौरान नगर के व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं दुकानों में नागरिकों की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापारिक संगठनों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के सुझाव दिए गए। आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को सभी शासकीय चिकित्सालयों में 24 घंटे मेडिकल टीम की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पटाखा एवं सराफा दुकानों सहित अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों में किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा हुड़दंग करने पर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई। साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किए जाने पर तत्काल इसकी सूचना पुलिस थाने को देने की अपील की गई। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात करने तथा सतत पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के संबंध में भी चर्चा की गई।
बैठक के अंत में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कोण्डागांव द्वारा उपस्थित सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर नगरपालिका परिषद कोण्डागांव के अध्यक्ष श्री नरपति पटेल, बंगी समाज से श्री एस.एम. सोर्णकार, मुरिया समाज से श्री धनीराम सोढ़ी, सिक्ख समाज से श्री मनोहर सिंह सग्गु एवं श्री हरमोहन सिंह कोहली, मुस्लिम समाज से श्री आदिल खान, सचिव श्री एम. आशिफ एवं सह-सचिव, सर्व आदिवासी समाज से श्री केजूराम नेताम, श्री महेन्द्र साहू, श्री दिनबन्धू देवांगन, श्री कन्हैयालाल पटेल सहित थाना प्रभारी एवं तहसीलदार कोण्डागांव उपस्थित रहे।