मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की पाती पाकर टेराकोटा शिल्पकार श्री अशोक चक्रधारी ने जताई खुशी
पारंपरिक मिट्टी कला के संरक्षण के साथ ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को दे रहे बढ़ावा
कोण्डागांव, नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा कोण्डागांव के टेराकोटा शिल्पकार श्री अशोक चक्रधारी को पत्र लिखकर शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई। मुख्यमंत्री की आत्मीय पाती पाकर श्री चक्रधारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में श्री अशोक चक्रधारी के पारंपरिक मिट्टी कला के प्रति समर्पण, नवाचार और कला के संरक्षण के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने उल्लेख किया कि श्री चक्रधारी ने अपने पिता स्वर्गीय श्री कार्तिक राम चक्रधारी से मिट्टी को आकार देने की कला सीखी और चार दशकों से अधिक समय तक इस पारंपरिक कला को सहेजने एवं नई पहचान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने मिट्टी के दीयों में तेल पहुंचाने के लिए श्मैजिक दीयाश् जैसे कई नवाचार कर अपनी कला को और विशिष्ट बनाया है।
श्री चक्रधारी पारंपरिक शिल्पकला को बढ़ावा देने के साथ शासन के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान में भी सक्रिय सहभागिता निभा रहे हैं। स्थानीय हस्तशिल्प एवं कुम्हारों द्वारा निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहित कर वे स्वदेशी उत्पादों के उपयोग और स्थानीय कारीगरों की आजीविका को मजबूत बनाने में योगदान दे रहे हैं। उनके प्रयासों से पारंपरिक कला को नई पहचान मिलने के साथ अन्य कुम्हार परिवारों को भी रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने उनके शिल्प कार्य में परिवार के सहयोग की सराहना करते हुए अन्य कुम्हार परिवारों की आजीविका के प्रति उनकी चिंता और उन्हें रोजगार से जोड़ने के प्रयासों को भी सराहनीय बताया। श्री चक्रधारी को प्राप्त राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रीय मेरिट प्रमाण पत्र उनकी वर्षों की मेहनत और कला के प्रति समर्पण का सम्मान है।
मुख्यमंत्री ने उनके घर में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था और बाड़ी में पेड़-पौधों के संरक्षण की पहल की भी प्रशंसा की। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री चक्रधारी जैसे अनुभवी शिल्पकारों से नई पीढ़ी प्रेरणा लेकर पारंपरिक कला को आगे बढ़ाएगी और विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़ 2047 के संकल्प में अपना योगदान देगी।
मुख्यमंत्री की इस आत्मीय पाती से अभिभूत श्री अशोक चक्रधारी ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनके कार्यों एवं प्रयासों की सराहना किया जाना उनके लिए गौरव और प्रोत्साहन का विषय है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।