’11 हजार दीपों से जगमगाया पटना, दीपों से उकेरा भारत का मानचित्र और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चित्र’
कोरिया । सेवा संकल्प अभियान के तहत विगत गुरुवार को नगर पंचायत पटना में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शहरवासियों, हितग्राहियों तथा अधिकारी- कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और दीप प्रज्वलित कर सेवा एवं जनभागीदारी का संदेश दिया।
नगर पंचायत पटना के गायत्री मंदिर परिसर में 11 हजार से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से भारत का आकर्षक मानचित्र बनाया गया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र का भी दीपों के माध्यम से मनोहारी चित्रण किया गया। बड़ी संख्या में प्रज्वलित दीपों से पूरा परिसर रोशनी से जगमगा उठा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री सिंह एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रवीण उपाध्याय सहित जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।
कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने सभी जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, जिलेवासियों तथा अधिकारी-कर्मचारियों से 17 सितंबर से प्रारंभ सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से आयोजित ऐसे कार्यक्रम सेवा, समर्पण और सामाजिक एकजुटता की भावना को मजबूत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत पटना सहित पूरे जिले में जनभागीदारी से 3 लाख से अधिक दीप प्रज्वलित किए गए।