सेवा संकल्प अभियान : जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और विभागीय कर्मचारियों ने श्रमदान कर की बांध परिसर की सफाई
अम्बिकापुर । सेवा संकल्प अभियान के तहत जल संरक्षण, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जल संसाधन संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर द्वारा विकासखण्ड बतौली के ग्राम घोघरा स्थित घोघरा जलाशय योजना में शुक्रवार को जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जनपद सदस्य, ग्राम पंचायत के सरपंच, स्थानीय ग्रामीणों एवं जल संसाधन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान जलाशय एवं बांध परिसर में सामूहिक श्रमदान कर साफ-सफाई की गई। उपस्थित लोगों ने परिसर में फैले कचरे एवं अनुपयोगी सामग्री को हटाकर स्वच्छता का संदेश दिया।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश :
कार्यक्रम के दौरान घोघरा जलाशय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं विभागीय कर्मचारियों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता एवं जल संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। सभी ने जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी की बर्बादी रोकने तथा अन्य लोगों को भी जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
श्रमदान से जनभागीदारी को मिला बढ़ावा :
घोघरा जलाशय में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता विशेष रही। जनप्रतिनिधियों, ग्रामवासियों और विभागीय कर्मचारियों ने एक साथ श्रमदान कर बांध परिसर की सफाई की। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण, वृक्षारोपण और सामुदायिक सहभागिता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।