छत्तीसगढ़ / कोरिया

कहानी सेवा की’ : मां के खाते में आई महतारी वंदन की राशि, बेटी के भविष्य के लिए बन रही मजबूत नींव

 सुजाता साहू ने महतारी वंदन की राशि से बेटी आव्या के नाम शुरू की सुकन्या समृद्धि योजना

’कोरिया 21 सितंबर, 2026/

मां के लिए बेटी का भविष्य सबसे बड़ी चिंता और सबसे बड़ा सपना होता है। बेटी की अच्छी पढ़ाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए आज से की गई छोटी-सी बचत आने वाले समय में बड़ा सहारा बन सकती है। इसी सोच के साथ ग्राम कटगोड़ी निवासी श्रीमती सुजाता साहू, पति श्री रामकुमार साहू, महतारी वंदन योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता को अपनी बेटी के भविष्य के लिए सुरक्षित कर रही हैं।

सुजाता साहू को महतारी वंदन योजना की जानकारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दीदी हीरो देवी के माध्यम से मिली। कार्यकर्ता द्वारा उनका योजना के लिए आवेदन कराया गया। योजना का लाभ मिलने के बाद उनके खाते में प्रतिमाह 1,000 रुपये की राशि सीधे जमा हो रही है।

सुजाता ने इस राशि को अपने घरेलू खर्च में उपयोग करने के बजाय अपनी बेटी कुमारी आव्या साहू के भविष्य को सुरक्षित करने का निर्णय लिया। उन्होंने बेटी के नाम पर डाकघर में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाया है और महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि में से प्रतिमाह 1,000 रुपये बेटी के खाते में जमा कर रही हैं।

सुजाता का कहना है कि आज जमा की जा रही यह राशि भविष्य में उनकी बेटी की उच्च शिक्षा और बेहतर भविष्य के लिए उपयोगी होगी। उनके लिए महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने की दिशा में एक मजबूत कदम है।

वे कहती हैं कि सरकार की इस योजना से उन्हें नियमित आर्थिक सहयोग मिल रहा है, जिसे वे अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत के रूप में उपयोग कर पा रही हैं। इससे उन्हें बेटी की पढ़ाई और भविष्य को लेकर आर्थिक सुरक्षा का भरोसा मिला है।

सुजाता साहू मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि को बेटी के भविष्य के लिए बचत करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उनका मानना है कि यदि आज से बचत की जाए, तो आने वाले समय में बेटी की पढ़ाई के लिए किसी तरह की आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। सुजाता की यह पहल बताती है कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें अपने परिवार और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए निर्णय लेने का अवसर भी दे रही है। योजना से प्राप्त राशि का समझदारी पूर्वक उपयोग कर वे अपनी बेटी के सपनों की नींव मजबूत कर रही हैं।

 

Leave Your Comment

Click to reload image