छत्तीसगढ़ / राजनांदगांव

सेवा की कहानी - प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना से आरती को मिला पोषण का सहारा

 राजनांदगांव । प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके पोषण और स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता राशि से महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने में मदद मिल रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की सहायता से डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम ढ़ारा निवासी श्रीमती आरती टाण्डेकर अपने और अपनी संतान के बेहतर पोषण की दिशा में आगे बढ़ीं। श्रीमती आरती टाण्डेकर ने बताया कि पहली बार गर्भवती होने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा उनका पंजीयन आंगनबाड़ी केन्द्र में किया गया। गर्भावस्था के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्र में चौपाल के माध्यम से पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य देखभाल एवं नियमित जांच के संबंध में लगातार जानकारी दी गई। इसी दौरान उनका पंजीयन प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना में भी किया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत प्रथम बार गर्भवती होने पर महिला को दो किश्तों में 5000 रूपए तथा द्वितीय संतान बालिका होने पर एक किश्त में 6000 रूपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को अपने तथा शिशु के पोषण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि मां और बच्चे के स्वास्थ्य एवं पोषण का बेहतर ध्यान रखा जा सके।

    श्रीमती आरती टाण्डेकर ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत प्राप्त राशि का उपयोग अपने पोषण के लिए किया। गर्भावस्था के चौथे माह में उनका हीमोग्लोबिन स्तर 9 ग्राम था। परिवार की सीमित आय के कारण पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ नहीं ले पा रही थी। योजना के तहत प्राप्त आर्थिक सहायता से पौष्टिक आहार लेने के लिए काफी मदद मिली। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सलाह से दैनिक भोजन में पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल किया। जिससे गर्भावस्था के नौवें माह तक उनका हीमोग्लोबिन बढ़कर 12 ग्राम हो गया और एक स्वस्थ पुत्री को जन्म दिया। जिसका नाम पूर्वी टाण्डेकर रखा गया। जन्म के समय पूर्वी का वजन 3 किलोग्राम था। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिन द्वारा नियमित निगरानी और पोषण संबंधी सलाह दिए जाने से पूर्वी के स्वास्थ्य पर लगातार ध्यान दिया गया। उनकी बेटी पूर्वी का वजन 12.800 किलोग्राम है और वह सामान्य एवं स्वस्थ स्थिति में है। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के माध्यम से मिली आर्थिक सहायता के लिए प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री  विष्णु भैया के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Leave Your Comment

Click to reload image