भाजपा को राजनांदगांव सीट हारने का डर है, इसलिए FIR दर्ज की गई : भूपेश
रायपुर । महादेव एप मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। EOW/ACB ने मामला दर्ज कराया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा ने मान लिया कि वो राजनांदगांव सीट हार रही है, इसीलिए राजनीति से प्रेरित एफ़आईआर दर्ज की गई है।
राजीव भवन में रविवार शाम एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी ने स्वीकार कर लिया कि वो राजनांदगांव संसदीय सीट हार रही है इसीलिए ईओडब्लू ने मेरे ख़लिफ़ महादेव ऐप मामले में नामजद रिपोर्ट दर्ज की है। भाजपा मान रही है कि मेरी वजह से छत्तीसगढ़ की बाक़ी सीटों पर भी चुनाव परिणामों पर असर पड़ेगा इसीलिए मुझे बेवजह बदनाम करने का षडयंत्र रच रही है। इसके लिए भाजपा अपने चरित्र के अनुरूप केंद्रीय एजेंसी ईडी और राज्य की एजेंसी ईओडब्लू का हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है। एफ़आईआर में मेरा नाम जिस तरह से शामिल किया गया है वह क़ानूनी रूप से ग़लत है और यह दर्शाता है कि मेरा नाम सिर्फ़ राजनीतिक कारणों से शामिल किया गया है।