छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण आवास 2.0 के तहत 1839 पात्र परिवारों की प्रारंभिक सूची जारी

 12 अक्टूबर तक दावा-आपत्ति प्रस्तुत करने का अवसर

 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 सितंबर 2026

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण अंतर्गत आवास 2.0 के माध्यम से जिले में छूटे हुए पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए सर्वे कार्य पूर्ण कर लिया गया है। सर्वे उपरांत प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों के सत्यापन के पश्चात भारत सरकार द्वारा जारी सूची के आधार पर जिले की तीनों जनपद पंचायतों से कुल 1839 परिवारों का चयन किया गया है। जारी प्रारंभिक सूची में जनपद पंचायत गौरेला के 581, पेण्ड्रा के 406 तथा मरवाही के 852 परिवार शामिल हैं। संबंधित जनपद पंचायतों द्वारा आवास पोर्टल पर सूची को अपडेट करने के पश्चात तैयार सूची को जिला स्तर पर गठित अपीलीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। योजना के मार्गदर्शी अनुरूप अपात्र परिवारों के नाम सूची से विलोपन तथा प्राथमिकता क्रम में परिवर्तन के संबंध में दावा-आपत्ति आमंत्रित की गई है।
                  जिला प्रशासन द्वारा सभी संबंधित नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रकाशित सूची का अवलोकन कर लें। सूची जिले की आधिकारिक वेबसाइट 
www.gaurela-pendra-marwahi.cg.nic.in तथा संबंधित जनपद पंचायतों के सूचना पटल पर उपलब्ध है। प्रकाशित सूची में यदि किसी हितग्राही-परिवार को दावा-आपत्ति प्रस्तुत करनी हो, तो वे 24 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक, कार्यालयीन समय में शाम 5.30 बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। दावा-आपत्ति मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही अथवा संबंधित जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के समक्ष निर्धारित प्रारूप में प्रस्तुत की जा सकती है। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त दावा-आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे ने बताया कि पात्र परिवारों को योजना का लाभ पारदर्शी एवं नियमानुसार उपलब्ध कराने के लिए सूची के प्रकाशन के साथ दावा-आपत्ति का अवसर दिया गया है। उन्होंने संबंधित नागरिकों से अपील की है कि वे सूची का अवलोकन कर निर्धारित समय-सीमा में अपनी आपत्ति अथवा दावा प्रस्तुत करें।

Leave Your Comment

Click to reload image