सेवा संकल्प अभियान में कलेक्टर का संकल्प : बच्चों के हाथों में किताबें और परिवारों के पास हो आजीविका
सूरजपुर । सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पात्र परिवारों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने तथा बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़े विषयों की जानकारी लेने के उद्देश्य से कलेक्टर रेना जमील एवं वनामंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल विकासखण्ड भैयाथान के ग्राम बसकर के डाला बेहरापारा पहुंचे। उन्होंने वहां भिक्षावृत्ति से जुड़े लोगों के बीच बैठकर उनसे बातचीत की।
उन्होंने ग्रामीणों की परिस्थितियों और आजीविका से जुड़ी कठिनाइयों को सुना तथा उन्हें भिक्षावृत्ति छोड़कर सम्मानजनक आजीविका के विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया।कलेक्टर जमील ने कहा कि परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए स्थायी आजीविका का होना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से उनकी रुचि और कौशल के बारे में चर्चा की, ताकि उनके लिए उपयुक्त आजीविका के अवसर तलाशे जा सकें। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और जरूरतें उनके सामने रखीं।
कलेक्टर ने बच्चों के माता-पिता से विशेष रूप से बातचीत की। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ने-लिखने का अवसर दें और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही उन्होंने परिवारों से भिक्षावृत्ति छोड़कर आजीविका के अन्य विकल्प अपनाने के संबंध में चर्चा की।
कलेक्टर ने कहा कि शासन की ओर से राशन, स्वास्थ्य सुरक्षा, रोजगार और बच्चों की शिक्षा से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जरूरी दस्तावेज बनने से पात्र परिवारों को इन योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि दस्तावेज बनवाने और पात्रता के अनुसार योजनाओं से जुड़ने में प्रशासन उनका सहयोग करेगा।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और श्रम कार्ड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता के संबंध में भी पूछा। उन्होंने परिवारों से कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर आयोजित किया जा रहा है। आवश्यक कार्ड बनवाने के लिए आयोजित शिविर की जानकारी उन्हें दी जाएगी। उन्होंने सभी से आग्रह किया है कि वे अपने उपलब्ध जरूरी दस्तावेजों के साथ शिविर स्थल पर अवश्य पहुंचें, ताकि आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जा सके। जिन परिवारों के आधार, आयुष्मान, मनरेगा जॉब कार्ड या श्रम कार्ड सहित अन्य कार्ड बनना शेष हैं, वे शिविर में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार इन सुविधाओं का लाभ लें। कलेक्टर रेना जमील ने परिवारों से उनकी अन्य समस्याओं के बारे में भी पूछा और उनकी बातें ध्यान से सुनीं। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को प्राप्त समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर रेना जमील ने परिवारों से बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कम उम्र में विवाह के दुष्परिणाम समझाते हुए कहा कि किशोरावस्था में गर्भधारण से मां और बच्चे, दोनों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा हो सकता है। इसलिए बेटे और बेटियों का विवाह निर्धारित आयु पूरी होने के बाद ही करें। उन्होंने परिवारों को समझाया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। बच्चों को कम उम्र में विवाह के बंधन में बांधने के बजाय उन्हें पढ़ने, स्वस्थ रहने और अपने भविष्य के लिए आगे बढ़ने का अवसर दें।
कलेक्टर रेना जमील ने स्कूल छोड़ चुके बच्चों से सहजता से बातचीत की। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई और स्कूल छोड़ने के कारणों के बारे में पूछा तथा उन्हें दोबारा स्कूल जाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने विकासखंड शिक्षा अधिकारी को बालक-बालिकाओं का विद्यालय में पुनः प्रवेश सुनिश्चित करने और उसकी नियमित पढ़ाई में आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए।
इस दौरान वनमंडलाधिकारी विपुल अग्रवाल ने भिक्षावृत्ति से जुड़े परिवारों से बातचीत कर उन्हें वन विभाग की गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वन धन विकास केंद्र के माध्यम से उन्हें काम के अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने परिवारों से उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने को कहा, ताकि वे नियमित आजीविका की दिशा में आगे बढ़ सकें।
इस दौरान उपस्थित अधिकारियों ने अपने विभागों की योजनाओं की जानकारी साझा की। परिवारों को महतारी जतन योजना, विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति और श्रम कार्ड के बारे में बताया गया। श्रम पंजीयन के बाद पात्रता के अनुसार मृत्यु, दिव्यांगता, पेंशन, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित सहायता का लाभ कैसे मिल सकता है, इसकी भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए उपलब्ध सहायता के संबंध में भी परिवारों को अवगत कराया। कलेक्टर रेना जमील ने परिवारों को आश्वस्त किया कि पात्रता के अनुसार शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन आवश्यक सहयोग करेगा। इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी चांदनी कंवर, जनपद सीईओ, संबंधित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहें।