छत्तीसगढ़ / सरगुजा

उल्लास महापरीक्षा 27 को, सरगुजा में बनाए गए 247 परीक्षा केंद्र

 अम्बिकापुर । उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत नवसाक्षरों के लिए राज्यव्यापी शिक्षार्थी आकलन महापरीक्षा रविवार, 27 सितम्बर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण, रायपुर के तत्वावधान में सरगुजा जिले में यह परीक्षा कलेक्टर अजीत वसंत के मार्गदर्शन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित होगी।

जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने बताया कि महापरीक्षा के संचालन और निगरानी के लिए भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उप सचिव चरणजीत सिंह तनेजा, उप संचालक डी.के. कौशिक और सहायक कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार सिन्हा सरगुजा प्रवास पर रहेंगे। राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण से सहायक संचालक स्वाती दास और सहायक संचालक डॉ. छन्दा बनर्जी भी जिले में मौजूद रहेंगी।

 

जिला परियोजना अधिकारी गिरीश गुप्ता ने बताया कि जिले में 247 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। लगभग 4 हजार शिक्षार्थियों को परीक्षा में शामिल कराने का लक्ष्य है। ग्राम पंचायतों में शिक्षार्थियों को पीला चावल और शिक्षार्थी पर्ची देकर आमंत्रित किया जा रहा है। प्रभात फेरी और मशाल रैली के माध्यम से भी लोगों को परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image