छत्तीसगढ़ / रायपुर

सेवा संकल्प अभियान : धमतरी के 86 आंगनबाड़ी केंद्रों में ’आंगन मिलन’ का आयोजन

 जनसहभागिता से निखर रही बच्चों की मुस्कान और सेहत

रायपुर, 27 सितंबर 2026

 सेवा संकल्प अभियान : धमतरी के 86 आंगनबाड़ी केंद्रों में ’आंगन मिलन’ का आयोजन

सेवा, संवेदना और जनसहभागिता की भावना को साकार करते हुए धमतरी जिले के 86 आंगनबाड़ी केंद्रों में ’आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ’सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस विशेष पहल का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को केवल पोषण वितरण तक सीमित न रखकर, इन्हें स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और सामाजिक संस्कारों के जीवंत सामुदायिक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
       इस जिलाव्यापी कार्यक्रम में मगरलोड, कुरूद, धमतरी शहरी, धमतरी ग्रामीण और नगरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान केंद्रों में बच्चों की खिलखिलाहट, महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और मैदानी कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों का एक अद्भुत संगम देखने को मिला। जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 4,173 प्रतिभागियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई, जिनमें 541 बच्चे, 1,028 महिलाएं और 1,930 पुरुष शामिल रहे। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों की उत्साही मौजूदगी ने इस आयोजन को एक सशक्त जन-आंदोलन का रूप दे दिया।
        आयोजन के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल-आधारित व रचनात्मक गतिविधियां संचालित की गईं। इसके साथ ही उपस्थित जनसमुदाय को गुणवत्तापूर्ण पोषण, स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों, स्वच्छता, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में परिवार और समाज की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जागरूक किया गया।
        कार्यक्रम में अपनी निष्ठापूर्वक सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिनों को उनके सतत योगदान और सेवाभाव के लिए विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया, जिससे मैदानी स्तर पर कार्यरत महिला एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के उत्साह में भारी वृद्धि देखी गई। महिला एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक शासकीय सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ समुदाय में बाल विकास और पोषण के प्रति एक नई सोच और सजगता विकसित कर रहा है।

Leave Your Comment

Click to reload image