छत्तीसगढ़ / गौरेला पेंड्रा मरवाही

विश्व पर्यटन दिवस पर जीपीएम जिले को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’

 पुरासांस्कृतिक धरोहर ‘धनपुर’ पर आधारित कॉफी टेबल बुक का हुआ विमोचन

जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन संभावनाओं को मिली नई पहचान
 गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 28 सितंबर 2026/

विश्व पर्यटन दिवस पर जीपीएम जिले को मिला ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’

जिले ने पर्यटन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा यहां की समृद्ध प्राकृतिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के उल्लेखनीय प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। राजधानी रायपुर में 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड एवं ‘छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन’ (सीजीटीटीए) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस’ के दौरान जिले को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिले की महत्वपूर्ण पुरासांस्कृतिक धरोहर ‘धनपुर’ पर आधारित आकर्षक कॉफी टेबल बुक का भी गरिमामय विमोचन किया गया। 
              कॉफी टेबल बुक का विमोचन पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे, कलेक्टर जीपीएम श्री विजय दयाराम के. तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे द्वारा किया गया। कॉफी टेबल बुक के माध्यम से धनपुर की पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं, ऐतिहासिक महत्व और पर्यटन संभावनाओं को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इससे धनपुर को प्रदेश एवं देश के पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ ही जिले की अन्य पर्यटन एवं सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति भी पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाने में मदद मिलेगी। 
            उल्लेखनीय है कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला प्राकृतिक सौंदर्य के साथ पुरातात्विक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध है। जिला प्रशासन द्वारा इन पर्यटन स्थलों की पहचान, संरक्षण, प्रचार-प्रसार एवं पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड’ जिले के इन्हीं प्रयासों को मिली महत्वपूर्ण पहचान है और इससे जीपीएम को एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की दिशा में नई ऊर्जा मिलेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image