छत्तीसगढ़ / रायपुर

सेवा संकल्प अभियान 2026: सेवा मेरा योगदान : हरियाली के संकल्प से जुड़ा जशपुर, वनमंडल के विभिन्न परिक्षेत्रों में किया गया पौधरोपण

 एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में विधायक श्रीमती रायमुनी भगत सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने लगाए पौधे

पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण और संवर्धन का भी लिया संकल्प

रायपुर, 01 अक्टूबर 2026

हरियाली के संकल्प से जुड़ा जशपुर, वनमंडल के विभिन्न परिक्षेत्रों में किया गया पौधरोपण

हरियाली के संकल्प से जुड़ा जशपुर, वनमंडल के विभिन्न परिक्षेत्रों में किया गया पौधरोपण

सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और प्रकृति संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जशपुर वनमंडल के विभिन्न वन परिक्षेत्रों में पौधरोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया।

हरियाली के संकल्प से जुड़ा जशपुर, वनमंडल के विभिन्न परिक्षेत्रों में किया गया पौधरोपण

कार्यक्रम की अध्यक्षता जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने की। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। विधायक श्रीमती रायमुनी भगत और अतिथियों ने स्टेडियम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

पौधरोपण के साथ देखभाल भी हमारी जिम्मेदारी: विधायक श्रीमती रायमुनी भगत
विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं और पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। पौधों को संरक्षित और विकसित करके ही वृक्षारोपण के उद्देश्य को सार्थक बनाया जा सकता है और आने वाली पीढि़यों के लिए हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में योगदान दिया जा सकता है।

वनमंडल के विभिन्न परिक्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से चल रहा अभियान

वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जशपुर वनमंडल के विभिन्न परिक्षेत्रों में चरणबद्ध रूप से पौधरोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को पौधरोपण के साथ पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार और रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में हुए पौधरोपण ने खेल परिसर को हरियाली से जोड़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया।

Leave Your Comment

Click to reload image