सेवा सेतु अभियान: सरकार पहुंची जनता के द्वार, एक ही छत के नीचे मिला योजनाओं और सेवाओं का लाभ
ग्राम पंचायत बस्ती और नगर पंचायत मरवाही में लगे शिविर, विभागीय स्टॉलों के जरिए योजनाओं की दी गई जानकारी
कलेक्टर ने कहा-हर पात्र हितग्राही तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, समस्याओं का हो त्वरित निराकरण
आवास की चाबी, स्वामित्व पट्टा, आयुष्मान एवं श्रम कार्ड सहित विभिन्न हितलाभों का वितरण
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार” के तहत आज गौरेला विकासखण्ड के ग्राम पंचायत बस्ती और नगर पंचायत मरवाही में जनसेवा शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया। ग्राम पंचायत बस्ती के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला प्रांगण में आयोजित शिविर में बस्ती, बगरा, टिकरखुर्द, आमगांव, पूटा, लमना, कोटमी खुर्द, करगी खुर्द, उमरखोही, डुगरा एवं बेलपत ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। इसी तरह सद्भावना भवन मरवाही में आयोजित शिविर में नगरीय निकाय क्षेत्र के सभी 15 वार्डों के नागरिकों ने पहुंचकर विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली।
ग्राम पंचायत बस्ती में आयोजित शिविर की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं और सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। विभिन्न विभागों को एक ही स्थान पर लाकर नागरिकों की मांगों एवं समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के लाभ से कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित नहीं रहना चाहिए और विकसित भारत के निर्माण में सभी की सहभागिता आवश्यक है।
कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने शिविर स्थल पर वन, विद्युत, खाद्य, कृषि, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने राजस्व विभाग से संबंधित सीमांकन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। बस्ती के शिविर में विभिन्न मांगो-समस्याओं से संबंधित 89 आवेदन और सदभावना भवन मरवाही के शिविर में 63 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया जा रहा है।
कलेक्टर ने ग्राम पंचायत आमगांव में कोटवार की नियुक्ति के लिए ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कराने तथा प्राथमिक शाला बगरा में शिक्षक की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश खण्ड शिक्षा अधिकारी को दिए। आमगांव में उप स्वास्थ्य केंद्र और कोटमी-उमरखोही तक पहुंच मार्ग की मांग पर कलेक्टर ने शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने कहा। कलेक्टर ने ग्रामीणों को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभों की जानकारी देते हुए योजना का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। यह केंद्र सरकार की रूफटॉप सोलर योजना है, जिसके तहत पात्र आवासीय उपभोक्ताओं के लिए वित्तीय सहायता का प्रावधान है।
हितग्राहियों को मौके पर मिला योजनाओं का लाभ
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास पूर्ण कर चुके 5 हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप आवास की चाबी प्रदान की गई। स्वामित्व योजना के तहत 22 हितग्राहियों को आवासीय पट्टे वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 5 हितग्राहियों को चलने में सहायक छड़ी, 5 हितग्राहियों को चश्मे तथा 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए। इसके साथ ही 7 हितग्राहियों को जॉब कार्ड एवं 6 हितग्राहियों को श्रम कार्ड वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में 11 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और 7 बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 22 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा पैकरा एवं श्री पवन पैकरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।