छत्तीसगढ़ / रायपुर

छत्तीसगढ़ में सड़क अधोसंरचना को मजबूती, शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के लिए 22.08 करोड़ रुपये स्वीकृत

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी

वित्त एवं प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के सतत प्रयासों से क्षेत्र में सड़क एवं अधोसंरचना विकास को मिली गति

11.70 किलोमीटर मार्ग के मजबूतीकरण और पुल-पुलिया निर्माण से सुगम होगा आवागमन

रायपुर, 02 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार प्रदेश में मजबूत सड़क नेटवर्क और बेहतर कनेक्टिविटी के विस्तार पर विशेष जोर दे रही है। इसी दिशा में जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के मजबूतीकरण एवं पुल-पुलिया निर्माण के लिए 22 करोड़ 8 लाख 59 हजार रुपये की शासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। लगभग 11.70 किलोमीटर लंबे इस महत्वपूर्ण मार्ग के उन्नयन से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने के साथ ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन की सुविधाएं और बेहतर होंगी।

लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में स्वीकृत इस कार्य से शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग को मजबूती मिलेगी। मार्ग के साथ आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण होने से आसपास के गांवों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक आवागमन की सुविधा मिलेगी।
जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के सतत प्रयासों से जांजगीर-चांपा जिले में सड़क एवं अधोसंरचना विकास के कार्यों को लगातार गति मिल रही है। शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग की स्वीकृति भी क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मार्ग के मजबूतीकरण से ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों और सामाजिक-आर्थिक संपर्क को भी बढ़ावा मिलेगा। बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख बाजारों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच अधिक सुगम होगी।

शिवरीनारायण-खैरताल मार्ग के लिए मिली इस बड़ी स्वीकृति से न केवल क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी, बल्कि बेहतर कनेक्टिविटी के माध्यम से क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image