स्कूल से गायब शिक्षक, VSK ऐप में दर्ज मिली हाजिरी! ऑनलाइन अटेंडेंस पर उठे सवाल, दो को नोटिस
कवर्धा । स्कूलों में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए शुरू किए गए VSK ऐप की व्यवस्था पर कवर्धा ब्लॉक में सवाल खड़े हो गए हैं। निरीक्षण के दौरान स्कूल से शिक्षक के नदारद मिलने के बावजूद ऐप में उसकी उपस्थिति दर्ज मिली। एक मामले में शिक्षक के दोपहर में स्कूल से चले जाने के बाद भी VSK ऐप में शाम तक का चेक-आउट टाइम दर्ज पाया गया।
मामले में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय ने दो शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निरीक्षण में स्कूल से नदारद, ऐप में हाजिरी दर्ज
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को संकुल प्राचार्य और समन्वयक निरीक्षण पर निकले थे। इस दौरान शाला बिरनपुर में एक शिक्षिका बिना पूर्व सूचना या अवकाश स्वीकृति के स्कूल से अनुपस्थित मिलीं। जांच के दौरान VSK पोर्टल पर उनकी उपस्थिति दर्ज थी।
बताया गया कि 22 सितंबर को भी शिक्षिका बिना आवेदन दिए हाफ डे के बाद स्कूल से चली गई थीं। वहीं 29 सितंबर को भी दोपहर करीब 12 बजे बिना स्वीकृति के स्कूल से जाने की बात सामने आई। इसके बावजूद VSK ऐप में उनका चेक-आउट टाइम शाम 3:52 बजे दर्ज पाया गया।
लिटीपुर में भी सामने आया ऐसा ही मामला
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला लिटीपुर में 25 अगस्त को सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान एक शिक्षक स्कूल में मौजूद नहीं मिले। इस दौरान VSK ऐप में उनकी उपस्थिति दर्ज थी।
बीईओ के नोटिस में इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता और कदाचार से जुड़ा बताया गया है। विभाग ने आशंका जताई है कि शिक्षक की अनुपस्थिति के दौरान किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उपस्थिति दर्ज की गई हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
बीईओ कार्यालय ने दोनों शिक्षकों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय में अपना पक्ष रखने को कहा है। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
नोटिस की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित संकुल प्राचार्यों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।
VSK सिस्टम की निगरानी पर भी उठे सवाल
मामले के सामने आने के बाद VSK ऑनलाइन अटेंडेंस की निगरानी और सत्यापन व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। VSK ऐप का इस्तेमाल शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए किया जा रहा है और ऐप में चेक-इन व चेक-आउट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
हालांकि, किसी तकनीकी खामी, लॉगिन शेयरिंग या किसी अन्य माध्यम से गलत उपस्थिति दर्ज हुई या नहीं, यह जांच का विषय है। फिलहाल विभाग की ओर से जारी नोटिस और निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
कवर्धा में इससे पहले भी VSK ऑनलाइन अटेंडेंस को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई हो चुकी है। सितंबर में ऑनलाइन उपस्थिति से जुड़े मामलों में कई शिक्षकों-कर्मचारियों का वेतन रोके जाने की रिपोर्ट सामने आई थी।