कर्मचारियों के आक्रोश को लेकर कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन मुखर
गरियाबंद |
2026-11-18 18:33:20
पटवारियों पर की गई कार्रवाई निरस्त करने और 3 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता एरियर्स सहित देने की मांग
राधेश्याम सोनवानी,गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन ने प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों की लंबित मांगों को लेकर शासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नाम कलेक्टर गरियाबंद के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। फेडरेशन ने दो सूत्रीय मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए शासन से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
फेडरेशन ने अपनी पहली मांग में राजस्व पटवारी संघ के आंदोलन के दौरान पटवारियों के विरुद्ध की गई दंडात्मक कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों के क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में उनकी न्यायोचित मांगों का समाधान दमनात्मक कार्रवाई के बजाय संवाद के माध्यम से किया जाना चाहिए।
वहीं दूसरी प्रमुख मांग में प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों एवं पेंशनरों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत का भुगतान केंद्र सरकार के समान देय तिथि से एरियर्स सहित करने की मांग की गई है। फेडरेशन का कहना है कि केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ दे रही है, जबकि छत्तीसगढ़ के कर्मचारी अभी भी 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते से वंचित हैं। लगातार बढ़ती महंगाई के बीच यह अंतर कर्मचारियों एवं पेंशनरों के लिए आर्थिक असंतोष का कारण बन रहा है।
फेडरेशन ने शासन से आग्रह किया है कि कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों को गंभीरता से लेते हुए दोनों विषयों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए और प्रदेश के शासकीय सेवकों एवं पेंशनरों को राहत प्रदान की जाए।
फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि वह शासन एवं कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संवाद और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का पक्षधर है, लेकिन कर्मचारी हितों की अनदेखी होने पर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखने के लिए भी प्रतिबद्ध है। उक्त आक्रोश रैली में कर्मचारी अधिकारी फेडरेसन के संयोजक एम अर खान महासचिव बसंत त्रिवेदी सचिव सुनील यादव जिला अध्यक्ष राजस्व पटवारी संघ गुलशन यदु मनोज खरे राजपत्रित अधिकारी संघ के जिला अध्यक्ष आर के तलवारे नीलांबर पटेल शिक्षक फेडरेशन फेडरेशन के जिला अध्यक्ष मिश्रीलाल तारक छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ से जिला अध्यक्ष आर के ध्रुव छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी संग जिला अध्यक्ष खिलेंद्र साहू स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डीके पड़ोती पशु चिकित्सक संघ से उमाशंकर साहू प्राचार्य संघ से प्रेम ध्रुव अनूप महादिक अधीक्षक संघ निश्चल खरे सहित पटवारी संघ के सदस्य अन्य संगठन के जवान साथी सैकड़ो की संख्या में उपस्थित होकर आक्रोश रैली में शामिल हुए वाले कलेक्टर परिषद में अपर कलेक्टर श्री महाराणा सर को मुख्यमंत्री के नाम सोपा गया