छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

पंडरिया में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, विधायक भावना बोहरा के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और निवास घेराव

पंडरिया में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, विधायक भावना बोहरा के खिलाफ धरना-प्रदर्शन और निवास घेराव

12 सूत्रीय जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेसियों ने किया पुतला दहन, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन; गांधी चौक से विधायक निवास तक निकली रैली में उमड़ी भीड़

पंडरिया, 17 नवंबर। विधायक भावना बोहरा के तीन साल के कार्यकाल को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को पंडरिया में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम साहू के नेतृत्व में आयोजित धरना-प्रदर्शन, पुतला दहन एवं विधायक निवास घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान गांधी चौक से विधायक निवास तक नारेबाजी होती रही। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘हिसाब दो, जवाब दो’ और ‘काम कम, दिखावा ज्यादा नहीं चलेगा’ जैसे नारों के साथ भाजपा विधायक के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस ने क्षेत्र की जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े 12 सूत्रीय मुद्दों को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि समस्याओं का ठोस समाधान चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

आमजन की भागीदारी को बताया जनआक्रोश का प्रतीक

प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और व्यापारी भी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने इस भागीदारी को क्षेत्र में व्याप्त जनसमस्याओं और असंतोष का प्रतीक बताया। उनका कहना था कि यह आंदोलन केवल राजनीतिक विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर जनता की आवाज है।

तीन साल के कार्यकाल पर उठाए सवाल, विकास कार्यों का मांगा हिसाब

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने विधायक भावना बोहरा के तीन साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए। वक्ताओं ने क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपलब्धता, किसानों के लिए सिंचाई सुविधाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि किसान, मजदूर, युवा और महिलाएं अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं, लेकिन उनकी अपेक्षाओं के अनुरूप समाधान नहीं हो पा रहा है।

कांग्रेसजनों ने 12 सूत्रीय मांगों के माध्यम से विधायक से क्षेत्र के विकास कार्यों और जनसमस्याओं पर जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि जनता अपने जनप्रतिनिधियों से विकास और बुनियादी सुविधाओं की अपेक्षा रखती है तथा अब इन मुद्दों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।

जिला और ब्लॉक स्तर के नेताओं की रही बड़ी भागीदारी

इस विरोध प्रदर्शन में पंडरिया ब्लॉक के साथ कबीरधाम जिले के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी शामिल हुए। इनमें जिला अध्यक्ष नवीन जायसवाल, ममता चंद्राकर, अर्जुन तिवारी, नीलू चंद्रवंशी, निर्मल सलूजा, काशीनाथ ठाकुर, गौतम शर्मा, अशोक सिंह, मणिकांत त्रिपाठी, अन्नपूर्णा चंद्राकर, मनीष शर्मा, तुकाराम चंद्रवंशी, अतुल बरगाह, दिनेश कोसारिया, रवि चंद्रवंशी, शारदा सोलवानी, शालिनी लहरे, मंडल अध्यक्ष गढ़ गुरुदत्त शर्मा, सुरेश चंद्राकर, डोमन मरकाम, आशीष दास, संतोष चंद्रवंशी, साधु कोठारी, राजकुमार अनंत, नंदकुमार चंद्रवंशी और लक्ष्मीनारायण साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह केवल भीड़ नहीं, बल्कि जनता के सवालों और असंतोष की आवाज है। जब तक 12 सूत्रीय मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ते रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के तीन साल के कार्यकाल में जनता को अपेक्षित विकास नहीं मिला है और कांग्रेस आगे भी जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाती रहेगी।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन अब गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा तथा क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image