छत्तीसगढ़ / कबीरधाम

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 300 क्विंटल धान से भरा ट्रक जप्त

अवैध धान परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, 300 क्विंटल धान से भरा ट्रक जप्त

सीमावर्ती क्षेत्र चिल्फी में खाद्य एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई, कलेक्टर के निर्देश पर चल रहा सघन जांच अभियान
 
कवर्धा, 18 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होते ही अवैध धान के परिवहन एवं खपाने पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार जिला एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में खाद्य एवं चिल्फी पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चिल्फी में अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 300 क्विंटल धान को ट्रक सहित जप्त किया है।

यह कार्रवाई जिला खाद्य अधिकारी श्री चंद्रशेखर देवांगन के नेतृत्व में खाद्य एवं मंडी विभाग के संयुक्त दल द्वारा की गई। जांच के दौरान ट्रक में बड़ी मात्रा में धान का परिवहन किया जाना पाया गया। आवश्यक जांच एवं कार्रवाई के बाद टीम ने धान और ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया।

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिले में अवैध धान परिवहन, बिचौलियों एवं कोचियों के माध्यम से धान खपाने की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर जांच दल तैनात कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि अन्य राज्यों अथवा अवैध माध्यमों से धान का जिले में परिवहन एवं खपाया जाना रोका जा सके।

समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में अनियमितता करने तथा अवैध रूप से धान का परिवहन एवं भंडारण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave Your Comment

Click to reload image