ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रशासन गंभीर, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
उत्तर बस्तर कांकेर 04 अक्टूबर 2026
ग्राम पंचायत चवेला एवं जुड़ेंगे क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा बिजली, सड़क, पेयजल, स्कूल, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया गया है। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्रशासन ने गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री अनिकेत अशोक फड़तरे ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं की विभागवार जानकारी संकलित कर संबंधित अधिकारियों से वर्तमान स्थिति की रिपोर्ट ली जा रही है। स्थानीय स्तर पर निराकरण योग्य समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। वहीं, जिन प्रकरणों में तकनीकी स्वीकृति अथवा उच्च स्तर की कार्रवाई आवश्यक है, उन्हें संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पेयजल व्यवस्था से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभाग को नल-जल योजना की स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के परीक्षण एवं आवश्यक सुधार के लिए विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया है। इसी प्रकार सड़क एवं अन्य अधोसंरचना से जुड़े मामलों में भी संबंधित विभागों से वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम श्री फड़तरे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता एवं आमजन की समस्याओं का निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं का विभागवार परीक्षण कर उनका समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं संबंधित विभाग अथवा प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।