जवाहर नगर मंडल ने धूमधाम से मनाया विधायक पुरंदर मिश्रा का जन्मदिवस
रायपुर । भाजपा जवाहर नगर मंडल जिला रायपुर ने रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा का जन्मदिवस धूमधाम से मनाया। शुक्रवार दोपहर 2 बजे सभी कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों और बाजे-गाजे के साथ जगन्नाथ मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर परिसर में चल रही मधुर संगीत एवं भक्तिमय भजनों की स्वर लहरियों ने सभी का मन मोह लिया और पूरा वातावरण प्रभु भक्ति में सराबोर हो गया।मंडला के मीडिया प्रभारी प्रणीत जैन ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने भगवान जगन्नाथ जी, बलभद्र जी एवं माता सुभद्रा जी के दर्शन किए। कार्यकर्ताओं ने पूरी श्रद्धा के साथ महाप्रभु के चरणों में श्रीफल, ताजे पुष्प एवं मिष्ठान समर्पित किए। इस दौरान प्रदेश में सुख, शांति, खुशहाली एवं समृद्धि की मंगलकामना की गई। साथ ही, प्रभु जगन्नाथ से विधायक पुरंदर मिश्रा के उत्तम स्वास्थ्य, यशस्वी जीवन एवं दीर्घायु होने की विशेष प्रार्थना की गई।
मंडल के पदाधिकारियों ने विधायक मिश्रा का स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें शाल एवं गमछा पहनाया तथा पुष्पगुच्छ एवं श्रीफल भेंट कर जन्मदिवस की बधाई व शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं आमजनों के बीच मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया।
कार्यक्रम में जवाहर नगर मंडल के वरिष्ठ नेता, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी, वार्ड पार्षद एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।