मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के एक वर्ष: दूरस्थ गांवों तक पहुंची सार्वजनिक परिवहन की सुविधा
बसों से विभिन्न मार्गों पर संचालन, स्कूल, अस्पताल, बाजार और शासकीय कार्यालयों तक पहुंच हुई सुगम
नवापारा की सुनैना के बच्चों को समय पर मिला उपचार, ग्रामीण परिवारों के लिए नियमित आवागमन का विकल्प बना
रायपुर , 04 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना ने अपने एक वर्ष के सफर में ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है। सूरजपुर जिले में योजना के तहत विभिन्न मार्गों पर बसों का संचालन हो रहा है, जिससे गांवों का संपर्क नगरों, बाजारों और प्रमुख सेवा केंद्रों से बेहतर हुआ है।
ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित बस सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर विद्यार्थियों, मरीजों और आम नागरिकों को आवागमन के लिए निजी साधनों या अन्य वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था। समय पर साधन न मिलने से स्कूल-कॉलेज पहुंचना, अस्पताल जाना और जरूरी शासकीय काम पूरे करना कई बार कठिन हो जाता था। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से अब ग्रामीणों को इन आवश्यकताओं के लिए सार्वजनिक परिवहन का नियमित विकल्प मिल रहा है।
सूरजपुर जिले में योजना के अंतर्गत आठ बसों का संचालन किया जा रहा है। बसें सूरजपुर से बैकुण्ठपुर, ओड़गी से घुईडीह, प्रेमनगर से महंगई, भैयाथान से डुमरिया (कोरिया), सूरजपुर से कालीपुर, अर्जुनपुर से मोहनपुर, रामानुजनगर से पोड़ी, केवरा से प्रतापपुर तथा नामदगिरी से चाची मार्ग पर चल रही हैं। इन मार्गों से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को स्कूल-कॉलेज, अस्पताल, बाजार, तहसील और ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचने में सुविधा मिल रही है।
योजना का लाभ विद्यार्थियों और मरीजों से लेकर किसानों तथा अन्य ग्रामीण परिवारों तक पहुंच रहा है। सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता से दैनिक आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और जरूरी शासकीय सेवाओं तक पहुंच भी आसान हुई है।
नवापारा निवासी श्रीमती सुनैना के परिवार के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा जरूरत के समय सहारा बनी। वे बताती हैं कि पहले बच्चों को अस्पताल ले जाने के लिए घर से निकलने से पहले ही साधन की चिंता रहती थी। कभी बाइक मिल जाती थी, तो कभी आवागमन का कोई साधन उपलब्ध नहीं हो पाता था। बस सेवा शुरू होने के बाद वे अपने बच्चों को समय पर अस्पताल ले जा सकीं और उनका उपचार कराया। श्रीमती सुनैना ने इस सुविधा के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया।
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का एक वर्ष पूरा होना ग्रामीण परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने और दूरस्थ क्षेत्रों को विकास के अवसरों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव है। सूरजपुर जिले में योजना के संचालन से गांवों और प्रमुख केंद्रों के बीच संपर्क बढ़ा है। सुलभ आवागमन की यह सुविधा ग्रामीणों की रोजमर्रा की कठिनाइयों को कम करने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका संबंधी अवसरों तक उनकी पहुंच बेहतर बनाने में सहायक हो रही है।