छत्तीसगढ़ / रायपुर

जांजगीर में निर्माण सुरक्षा पर हुआ मंथन, कार्यशाला में उद्योगों में ‘शून्य दुर्घटना’ पर किया गया फोकस

रायपुर, 04 अक्टूबर 2026

 प्रदेश के श्रम एवं उद्योग मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के निर्देशानुसार औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के समन्वय तथा विभागीय मार्गदर्शन में जांजगीर में कार्यशाला आयोजित की गई जिसमें विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।कार्यशाला में निर्माण कार्यों में सुरक्षा प्रबंधन, जोखिम नियंत्रण, सुरक्षित कार्यप्रणाली और दुर्घटना रोकथाम के उपायों पर प्रस्तुति दी। 

इस अवसर पर प्रतिभागियों को सीपीआर तथा जीवन रक्षक प्राथमिक चिकित्सा तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आयोजकों के अनुसार ऐसे कार्यक्रम जिले के अन्य उद्योगों में भी नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य निर्माण गतिविधियों के दौरान दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ उद्योगों में मजबूत सुरक्षा संस्कृति विकसित करना है। कार्यशाला में सुरक्षित कार्यस्थल, स्वस्थ कार्यबल और शून्य दुर्घटना को सामूहिक लक्ष्य बनाने का संकल्प लिया गया।

उद्योगों ने साझा किए अनुभव और सुझाव

कार्यशाला में उपस्थित जिले के विभिन्न उद्योगों के प्लांट प्रमुख, सुरक्षा प्रमुख एवं मानव संसाधन प्रमुख शामिल हुए। प्रतिनिधियों ने सुरक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

सहायक निदेशक (औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा), जांजगीर-चांपा ने चर्चा के दौरान कार्यस्थल पर स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के महत्व पर चर्चा करते हुए सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने उद्योगों से सुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए ‘कार्यस्थल पर शून्य दुर्घटना’ के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। साथ ही विभिन्न सुरक्षा विषयों पर सामूहिक चर्चा के साथ उद्योगों के बीच सुरक्षा संबंधी बेहतर कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान पर जोर दिया गया।

Leave Your Comment

Click to reload image