छत्तीसगढ़ / सरगुजा

सेवा की कहानी : वीबी जी राम जी से भाटापारा आंगनबाड़ी केंद्र को मिला अपना भवन, किराए के दो कमरों से सुविधायुक्त आंगनबाड़ी तक पहुंचा सफर

 सुविधाओं से सुसज्जित भवन में नौनिहालों को मिल रहा खुशनुमा माहौल, ग्रामीणों को मिला रोजगार का अवसर

अम्बिकापुर : सेवा की कहानी : वीबी जी राम जी से भाटापारा आंगनबाड़ी केंद्र को मिला अपना भवन, किराए के दो कमरों से सुविधायुक्त आंगनबाड़ी तक पहुंचा सफर

  विकसित भारत -जी राम जी योजना के तहत जिले के विकासखंड अम्बिकापुर के ग्राम पंचायत चठिरमा के बढनिझरिया ग्राम के आंगनबाड़ी केंद्र भाटापारा के भवन का निर्माण पूरा हो गया है। इस निर्माण  कार्य से न केवल  ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध हुआ बल्कि बच्चों को सुरक्षित शिक्षा एवं पोषण का केंद्र मिला।
यह आंगनबाड़ी केंद्र पूर्व में दो कमरे के छोटे किराए के भवन में संचालित होता था। सीमित जगह के कारण बच्चों को बैठने, पढ़ने और खेल-कूद जैसी गतिविधियों में काफी परेशानी होती थी। अब 11.69 लाख रुपये की लागत से निर्मित यह नया आंगनबाड़ी भवन बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।

दो छोटे कमरों से शुरू हुआ सफर-
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुमित्रा व्यापारी बताती हैं कि पहले आंगनबाड़ी किराए के मकान में केवल दो छोटे कमरों में संचालित होता था। जगह कम होने के कारण बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। पर्याप्त स्थान नहीं होने से बच्चों की गतिविधियां भी प्रभावित होती थीं।भवन निर्माण पूरा होने के बाद बच्चों के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है और आंगनबाड़ी की गतिविधियां व्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में केंद्र में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के 22 बच्चे और 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के 38 बच्चे, कुल 60 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अलावा 8 शिशुवती माताएं और 9 गर्भवती माताएं भी आंगनबाड़ी की सेवाओं से जुड़ी हुई हैं। आंगनबाड़ी में नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण स्तर में सुधार हुआ है। साथ ही स्वच्छता और पोषण संबंधी जानकारी दी जा रही है तथा गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को पूरक पोषण आहार प्रदान किया जा रहा है।

सुविधाओं से सुसज्जित भवन में नौनिहालों को मिल रहा खुशनुमा माहौल-
नए और सुविधायुक्त भवन में पहुंचकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई देती है। आकर्षक रंगों और शैक्षणिक चित्रों से सजा आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के लिए सीखने के साथ-साथ खेल और मनोरंजन का भी बेहतर स्थान बन गया है।भवन की दीवारों पर अक्षर ज्ञान, शिक्षाप्रद चित्र और मनमोहक कार्टून उकेरे गए हैं, जिससे बच्चे खेल-खेल में सीख रहे हैं। यह रंग-बिरंगे शैक्षणिक चित्र बच्चों को आकर्षित करते हैं और खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित करते हैं।

ग्रामीणों को मिला रोजगार का अवसर-
वीबी जी राम जी योजना के तहत आंगनबाड़ी निर्माण कार्य से ग्रामीणों के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए, जिससे उनकी आजीविका को सहारा मिला और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली। निर्माण कार्य के दौरान कुल 439 मानव दिवस का रोजगार सृजित हुआ। इससे स्थानीय ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में रोजगार प्राप्त हुआ और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने में मदद मिली।

Leave Your Comment

Click to reload image