बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा सेवा संकल्प अभियान के नोडल अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी के नेतृत्व में जिले में सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन को शासकीय सेवाएं सहज और त्वरित रूप से उपलब्ध कराने के लिए सेवा सेतु शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के वार्ड क्रमांक 20, गांधी चौक स्थित दुर्गा मंच में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया।
नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती सीमा बख्शी के निर्देशन में आयोजित सेवा सेतु शिविर में 9 विभागों ने भाग लिया। शिविर में कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए और सभी आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। इससे नागरिकों को संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उन्हें आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हुईं।
जन्म एवं विवाह प्रमाण पत्र का किया गया वितरण
शिविर में 30 जन्म प्रमाण पत्र एवं 8 विवाह प्रमाण पत्र हितग्राहियों को प्रदान किए गए। इसके साथ ही श्रद्धांजलि योजना के तहत 4 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। गर्भवती महिलाओं को पोषण किट भी प्रदान की गई। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी भी दी। शिविर में नगर पालिका उपाध्यक्ष मनोज दुबे, पीआईसी सदस्य पार्षद भूपेंद्र श्रीवास सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की मंशा के अनुरूप नागरिकों को उनके द्वार के निकट ही आवश्यक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने और आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी पहल की जा रही है।