छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा

कच्ची झोपड़ी से पक्के आशियाने तक, प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला पक्का घर

 जांजगीर-चांपा । प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) जरूरतमंद ग्रामीण परिवारों के लिए केवल पक्का घर उपलब्ध कराने की योजना नहीं, बल्कि सुरक्षित और बेहतर जीवन की नई शुरुआत का माध्यम बन रही है। ग्राम पंचायत सेमरा के हितग्राही दया राम पिता अक्ति के परिवार की कहानी इसका उदाहरण है। जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरा निवासी दया राम पहले कच्ची और जर्जर झोपड़ी में अपने परिवार के साथ रहते थे। बारिश के दिनों में घर में पानी भर जाने से परिवार को काफी परेशानी होती थी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उनका आवास स्वीकृत होने के बाद यह परेशानी दूर हुई और परिवार को अपना पक्का घर मिला।

आवास निर्माण के लिए उन्हें 1.20 लाख रुपये की सहायता मिली। इसके साथ ही रोजगार गारंटी योजना के तहत 23,490 रुपये की मजदूरी राशि तथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत शौचालय निर्माण के लिए 12,000 रुपये की सहायता प्राप्त हुई। ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक एवं तकनीकी अमले के मार्गदर्शन में आवास का निर्माण पूर्ण हुआ। नए घर के साथ परिवार को नल-जल योजना के माध्यम से पेयजल की सुविधा भी मिली। इससे पानी के लिए दूर जाने की परेशानी कम हुई और घर का वातावरण भी पहले की तुलना में अधिक स्वच्छ एवं व्यवस्थित हुआ।

 

दया राम बताते हैं, पहले बारिश में घर में पानी भर जाता था और परिवार को बहुत परेशानी होती थी। अब पक्का घर मिलने से परिवार सुरक्षित है। यह घर हमारे लिए सम्मान और खुशी दोनों लेकर आया है। दया राम के परिवार के लिए यह बदलाव सिर्फ कच्ची झोपड़ी से पक्के घर तक का सफर नहीं, बल्कि सुरक्षा, स्वच्छता और सम्मान के साथ बेहतर भविष्य की ओर बढ़ते कदमों की कहानी है। शासकीय योजनाओं के समन्वित लाभ से उनके परिवार के जीवन में आया यह परिवर्तन ‘सेवा संकल्प’ की सार्थकता को दर्शाता है।

 

Leave Your Comment

Click to reload image