छत्तीसगढ़ / सुकमा

सेवा संकल्प अभियान : सेवा सेतु शिविर ने खोली विकास की राह

 महिला समूहों को मिला 33.30 लाख का आर्थिक संबल

सुकमा,  अक्टुबर 2026

कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में बुधवार को शबरी ऑडिटोरियम प्रांगण सुकमा में विकासखंड स्तरीय सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजनों को शासन की योजनाओं की जानकारी, सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज एवं सामग्री का वितरण किया गया। शिविर ने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे हितग्राहियों तक पहुंचाने और उनकी जरूरतों का मौके पर समाधान करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में अपनी प्रभावी उपस्थिति दर्ज कराई।
   पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सुकमा विकासखंड के 4 क्लस्टर संगठनों को सामुदायिक निवेश कोष के तहत कुल 19.80 लाख रुपये की राशि चेक के माध्यम से वितरित की गई। इसमें भारती महिला क्लस्टर संगठन को 3 लाख, इंद्रावती महिला क्लस्टर संगठन को 9.60 लाख, तेजस्वनी महिला क्लस्टर संगठन को 1.80 लाख और जीवन महिला क्लस्टर संगठन को 5.40 लाख रुपये प्रदान किए गए। इस सहायता से महिला समूहों को अपनी आजीविका गतिविधियों के विस्तार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

   इसी क्रम में 4 महिला स्व-सहायता समूहों को कुल 13.50 लाख रुपये का बैंक ऋण भी प्रदान किया गया। सीआरजीबी गादीरास शाखा द्वारा गृहणी महिला एसएचजी गादीरास को 6 लाख, धनलक्ष्मी महिला एसएचजी कोर्रा को 3 लाख और दरिया महिला एसएचजी कोर्रा को 3 लाख रुपये, जबकि सीआरजीबी केरलापाल शाखा द्वारा शांति महिला एसएचजी गोलाबेकूर को 1.50 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया। इस प्रकार शिविर के माध्यम से महिला समूहों को कुल 33.30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली, जो ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन और आत्मनिर्भरता से जोड़ने की दिशा में प्रशासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।

Leave Your Comment

Click to reload image