छत्तीसगढ़ / कोंडागांव

सेवा सेतु शिविर जोंधरापदर में 400 से अधिक हितग्राही हुए लाभान्वित

 शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिल रहा शासन की योजनाओं का लाभ

विधायक सुश्री लता उसेंडी शिविर में हुई शामिल

कोंडागांव, 06 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ग्रामीणों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम जोंधरापदर में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी शामिल हुईं। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। कुल 438 हितग्राही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित हुए।

विधायक सुश्री लता उसेंडी ने कहा कि 17 सितंबर से प्रारंभ हुए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में लगातार जनहितकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सेवा सेतु शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव के नजदीक ही शासन की योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से लोगों को बिजली बिल में राहत के साथ अतिरिक्त बिजली उत्पादन से आय का अवसर मिल रहा है। इसी तरह एक बार श्रम पंजीयन कराने से श्रमिक परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में नई सब्जी मंडी की स्वीकृति मिल चुकी है, जिससे किसानों को अपनी उपज के विक्रय के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-जीरामजी योजना के माध्यम से ग्रामीणों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने के साथ गांवों में विभिन्न विकास कार्य भी कराए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विधायक सुश्री लता उसेंडी ने ग्राम जोंधरापदर में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपए तथा सोनाबेड़ा स्टापडेम के जीर्णाेद्धार के लिए 10 लाख रुपए, इस प्रकार कुल 22 लाख रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की।

कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु शिविरों से ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। विभिन्न विभाग एक ही स्थान पर उपस्थित होकर ग्रामीणों की जरूरतों और समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। इससे योजनाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है।

शिविर में इस प्रकार मिला योजनाओं का लाभरू
राजस्व विभाग द्वारा अतिवृष्टि से मकान क्षति के 121 प्रभावितों को सहायता राशि, 35 जाति प्रमाण पत्र, 25 निवास प्रमाण पत्र, 80 आय प्रमाण पत्र, 10 बी-1, 10 डिजिटल किसान किताब तथा 97 ग्रामीणों को स्वामित्व पत्र प्रदान किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 06 आयुष्मान कार्ड, मत्स्य पालन विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को मत्स्याखेट हेतु जाल तथा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के 06 हितग्राहियों को आवास की प्रतिकात्मक चाबी प्रदान की गई।

इसी प्रकार बिहान की 10 लखपति दीदियों का सम्मान, उद्यान विभाग द्वारा 15 तथा वन विभाग द्वारा 08 पौधों का वितरण, श्रम विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों का श्रम पंजीयन सहित अन्य विभागीय योजनाओं से ग्रामीणों को लाभान्वित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 02 गोदभराई एवं 02 अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराए गए।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य श्री नंदलाल राठौर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, श्री जितेंद्र सुराना, श्री चंदन साहू, श्री प्रेम सिंह नाग सहित जनपद सदस्य, सरपंचगण, अपर कलेक्टर श्री अजय उरांव, तहसीलदार श्री मनोज रावटे, जनपद पंचायत सीईओ श्री उत्तम महोबिया, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave Your Comment

Click to reload image