छत्तीसगढ़ / रायपुर

रायगढ़ की 9 ग्राम पंचायतों में खेल परिसरों के विकास के लिए 46.32 लाख रुपये स्वीकृत

 मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से ग्रामीण खेल अधोसंरचना को मिलेगी’ मजबूती

धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार में खेल परिसरों में अहाता निर्माण, स्थानीय युवाओं को मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं

वीबी-जी राम जी के अभिसरण से होंगे निर्माण कार्य, ग्रामीणों को गांव में ही मिलेगा रोजगार

रायपुर, 8 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ जिले के तीन विकासखंडों की 9 ग्राम पंचायतों में खेल परिसरों के अहाता निर्माण के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से 46 लाख 31 हजार 848 रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

इस पहल से धरमजयगढ़, घरघोड़ा और तमनार विकासखंडों के ग्रामीण खेल परिसरों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्वरूप मिलेगा। बच्चों और युवाओं को खेलकूद, अभ्यास एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार

        स्वीकृत सभी निर्माण कार्य वीबी-जी राम जी के अभिसरण से कराए जाएंगे। इससे डीएमएफ एवं ग्रामीण रोजगार योजना के संसाधनों का समन्वित उपयोग सुनिश्चित होगा। निर्माण कार्यों के दौरान स्थानीय ग्रामीणों को गांव में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इस प्रकार यह पहल ग्रामीण खेल अधोसंरचना के विकास के साथ आजीविका संवर्धन में भी सहायक होगी।

धरमजयगढ़ की 6 ग्राम पंचायतों में 28.24 लाख रुपये के कार्य

        धरमजयगढ़ विकासखंड की 6 ग्राम पंचायतों में अहाता निर्माण के लिए लगभग 28.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें ग्राम पंचायत खम्हार के लिए 6 लाख 6 हजार 858 रुपये, भोजपुर के लिए 2 लाख 51 हजार 587 रुपये, पुटुकछार के ग्राम थिर्रीआमा के लिए 3 लाख 38 हजार 461 रुपये, कमरई के लिए 5 लाख 5 हजार 53 रुपये, धौराभांठा के लिए 5 लाख 21 हजार 989 रुपये तथा गनपतपुर के लिए 5 लाख 99 हजार 948 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

घरघोड़ा और तमनार में भी विकसित होंगे खेल परिसर

        घरघोड़ा विकासखंड की दो ग्राम पंचायतों में लगभग 12.40 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें ग्राम पंचायत घरघोड़ी के लिए 6 लाख 12 हजार 322 रुपये तथा कया के लिए 6 लाख 28 हजार 69 रुपये शामिल हैं। इसी प्रकार तमनार विकासखंड की ग्राम पंचायत सराईपाली में अहाता निर्माण के लिए 5 लाख 67 हजार 561 रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

खनन प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता

        मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार खनन प्रभावित क्षेत्रों में डीएमएफ की राशि का उपयोग जनहित और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए कर रही है। वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, खेल सुविधाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

      इन निर्माण कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामीण खेल परिसरों की सुरक्षा और उपयोगिता बढ़ेगी। गांवों के बच्चों एवं युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही निर्माण कार्यों के माध्यम से स्थानीय ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Leave Your Comment

Click to reload image