छत्तीसगढ़ / बालोद

प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना : संकट की घड़ी में मत्स्य पालकों का मजबूत संबल बनी निःशुल्क दुर्घटना बीमा योजना

 स्व. श्री भुवन लाल भेड़िया की नामिनी श्रीमती टिकेश्वरी भेड़िया को मिली 05 लाख रुपये की बीमा दावा राशि

पीड़ित परिवार को मिला बड़ा आर्थिक सहारा

बालोद,अक्टूबर 2026

मत्स्य पालन के व्यवसाय से जुड़े परिवारों को आकस्मिक संकट एवं दुर्घटना की स्थिति में सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना’ जिले में जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के अंतर्गत शासन द्वारा मत्स्य पालकों का निःशुल्क दुर्घटना बीमा कराया जाता है, जिससे अप्रत्याशित विपत्ति के समय उनके आश्रितों को तुरंत आर्थिक संबल प्राप्त हो सके। इसी क्रम में विकासखंड डौंडीलोहारा के पीड़ित परिवार को 05 लाख रुपए की क्लेम राशि का सफल भुगतान किया गया है।

मृतक की पत्नी श्रीमती टिकेश्वरी भेड़िया को मिले 05 लाख रुपये

डौंडीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम मुड़खुसरा निवासी स्व. श्री भुवन लाल भेड़िया (पिता सदाराम भेड़िया) मत्स्य पालक के रूप में योजनांतर्गत बीमित थे। उनके असामयिक निधन के उपरांत जिला प्रशासन एवं मछली पालन विभाग की तत्परता से समस्त आवश्यक विभागीय प्रक्रियाएं पूर्ण कराई गईं। इसके पश्चात राष्ट्रीय मात्स्यिकी विकास बोर्ड (एनएफडीबी) हैदराबाद के समन्वय से स्व. भुवन लाल की नामिनी पत्नी श्रीमती टिकेश्वरी भेड़िया के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 05 लाख रुपए की बीमा राशि सीधे अंतरित की गई। मुखिया के असमय चले जाने के बाद इस त्वरित आर्थिक सहायता से शोकाकुल परिवार को बड़ा सहारा मिला है।

योजना में निःशुल्क बीमा व विभिन्न वित्तीय सहायता का प्रावधान

उल्लेखीनय है कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पंजीकृत मत्स्य पालकों को निःशुल्क बीमा सुरक्षा दी जाती है। इसके अंतर्गत बीमित व्यक्ति की मृत्यु होने पर 05 लाख रुपए, पूर्ण स्थायी अथवा अस्थायी अपंगता की स्थिति में 02 लाख 50 हजार रुपए तथा दुर्घटना के दौरान अस्पताल में भर्ती होने पर 25 हजार रुपए तक की निःशुल्क चिकित्सा सहायता बीमित हितग्राही अथवा उसके नामिनी को प्रदान की जाती है।

Leave Your Comment

Click to reload image