छत्तीसगढ़ / रायपुर

सेवा के रंग–राष्ट्र के संग’ में बिखरे देशभक्ति के रंग, रंगोली और नुक्कड़ नाटक से दिया जनजागरूकता का संदेश धरसीवां में सेवा संकल्प अभियान के तहत भव्य आयोजन, विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से दिखाई राष्ट्रप्रेम की भावना नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश, युवाओं ने लिया विकसित भारत के निर्माण का संकल्प

रायपुर, 08 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत धरसीवां स्थित शासकीय पंडित श्यामाचरण शुक्ल महाविद्यालय परिसर में ‘सेवा के रंग–राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति, कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता का अनूठा संगम देखने को मिला। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक रंगोली प्रदर्शनी और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी एवं जनजागरूकता का संदेश दिया। आयोजन में सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रंगोली में उभरी राष्ट्रभक्ति की भावना, विद्यार्थियों की रचनात्मकता ने मोहा मन

कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना से ओतप्रोत आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। रंगोली प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रप्रेम, एकता और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार किया। रंगों के माध्यम से प्रस्तुत देशभक्ति की भावना ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और दर्शकों को प्रभावित किया।

नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। इसके माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों, सामाजिक कुरीतियों और जनजागरूकता से जुड़े विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अभिनय के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। नुक्कड़ नाटक ने यह संदेश दिया कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित समाज की आधारशिला हैं।

विद्यार्थियों ने लिया विकसित भारत 2047 के निर्माण में भागीदारी का संकल्प

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में सक्रिय भागीदारी निभाने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए स्वच्छता, नशामुक्ति, सामाजिक सद्भाव, जनसेवा और देश के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी जिम्मेदारी समझने और समाज के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

कार्यक्रम में जिला प्रभारी श्री सुरेंद्र पाटनी, पूर्व विधायक श्री देवजी भाई पटेल, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की उपाध्यक्ष एवं ‘रंग राष्ट्र’ की जिला प्रभारी श्रीमती चंद्रकांती वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला सेन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संदीप यदु, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री दिनेश खूंटे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरोज चंद्रवंशी, श्रीमती सविता चंद्राकर एवं श्री हरिशंकर निषाद और जनपद पंचायत धरसीवां के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आशीष केशरवानी, तहसीलदार श्री राजकुमार साहू, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को यादगार बना दिया। ‘सेवा के रंग–राष्ट्र के संग’ के माध्यम से कला और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ राष्ट्रभक्ति, नशामुक्ति, सामाजिक जागरूकता तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका का प्रभावशाली संदेश दिया गया।

प्रेस विज्ञप्ति

राज्य स्तरीय रोजगार मेले का उत्साहपूर्ण समापन, 13 हजार से अधिक युवाओं की सहभागिता

 

दो दिवसीय रोजगार मेले में 5 हजार से अधिक युवाओं का अंतिम चयन, मुख्यमंत्री के करकमलों से लगभग 1,100 युवाओं को नियुक्ति आफर लेटर वितरित

 

 


रायपुर, 8 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन के रोजगार विभाग द्वारा 7 एवं 8 अक्टूबर 2026 को सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, रायपुर में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आज उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में युवाओं ने इस आयोजन में भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। दो दिनों के दौरान 13 हजार से अधिक युवाओं ने रोजगार मेले में सहभागिता की तथा 5 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का अंतिम चयन हुआ। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के करकमलों से लगभग 1,100 चयनित युवाओं को  आफर लेटर किए गए।

रोजगार मेले में प्रदेश के सभी जिलों से युवाओं की उत्साहजनक भागीदारी रही। दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने अपनी शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रियाओं में भाग लिया। बड़ी संख्या में युवाओं का चयन होने से आयोजन स्थल पर उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा।

95 से अधिक पंजीकृत नियोक्ता संस्थानों के साथ अन्य कंपनियों ने भी रोजगार मेले में सहभागिता की। आयोजन स्थल पर लगभग 50 स्टॉल स्थापित किए गए, जहाँ विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्रों की कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया संचालित की गई। रोजगार मेले में आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, स्नातक एवं अन्य शैक्षणिक तथा व्यावसायिक योग्यताओं वाले युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।

रोजगार मेले की विशेषता यह रही कि अभ्यर्थियों के पंजीयन, आवेदन, उपस्थिति एवं चयन संबंधी प्रक्रियाओं को ई-रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संचालित किया गया। इससे रोजगार के अवसरों को युवाओं तक पहुँचाने तथा चयन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में रोजगार विभाग के साथ-साथ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), तकनीकी शिक्षा विभाग, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों तथा छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण की सक्रिय सहभागिता रही। विभिन्न जिलों के रोजगार अधिकारियों, आईटीआई प्राचार्यों, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के प्राचार्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कौशल विकास कार्यक्रमों के अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं ने भी बड़ी संख्या में रोजगार मेले में भाग लिया।

आयोजन के दौरान विभिन्न संस्थाओं के साथ सहयोग एवं समझौता ज्ञापन संबंधी गतिविधियों तथा तकनीकी शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण से जुड़ी पहलों को भी स्थान दिया गया। इन प्रयासों का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना तथा भविष्य में रोजगार के नए अवसर विकसित करना है।

यह रोजगार मेला केवल नियुक्तियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि युवाओं, उद्योगों एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच सीधे संवाद और समन्वय का एक महत्वपूर्ण मंच भी बना। आईटीआई, पॉलिटेक्निक एवं इंजीनियरिंग महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी उद्योगों की अपेक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिला।

राज्य स्तरीय रोजगार मेले की सफलता ने प्रदेश के युवाओं में रोजगार के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा किया है। चयनित युवाओं के चेहरों पर खुशी और बेहतर भविष्य की उम्मीद स्पष्ट दिखाई दी। विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थियों ने इस प्रकार के बड़े आयोजनों को रोजगार प्राप्त करने का उपयोगी अवसर बताया।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आगामी समय में भी राज्य स्तरीय एवं अन्य रोजगार मेलों का समय-समय पर आयोजन किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकें।

— रोजगार विभाग, छत्तीसगढ़ शासन


प्रेस विज्ञप्ति

 

युवा शक्ति और जनभागीदारी से टीबी उन्मूलन को मिलेगी नई दिशा — जोश टीम का शुभारंभ

 

 


287 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव हुए सम्मानित


रायपुर, 08 अक्टूबर 2026। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत युवा शक्ति एवं जनभागीदारी को टीबी उन्मूलन की दिशा में सक्रिय रूप से जोड़ने के उद्देश्य से ‘जोश टीम’ के शुभारंभ एवं टीबी मुक्त ग्राम पंचायत सम्मान समारोह का आयोजन जिला रायपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा जी द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल जी, दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री सुनील सोनी जी, रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री मोतीलाल साहू जी, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरंदर मिश्रा जी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नवीन अग्रवाल जी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री संदीप यदु जी, संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं छत्तीसगढ़ के अपर संचालक श्री इंद्रजीत बर्मन जी, जिला रायपुर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी जी एवं राज्य युवा अधिकारी श्री अर्पित तिवारी जी, श्रीमती मनीषा दमानी जी, राज्य स्तर के अधिकारीगण, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री मनीष मैजरवार जी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान ‘जोश टीम’ का औपचारिक शुभारंभ, टीबी जनजागरूकता हेतु तैयार फ्लिपबुक का विमोचन तथा My Bharat Volunteers को जनजागरूकता किट प्रदान की गई। जनजागरूकता किट के माध्यम से युवाओं को टीबी के लक्षणों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार, टीबी से जुड़े भ्रम एवं सामाजिक भेदभाव को दूर करने तथा समुदाय में जागरूकता फैलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया गया।

287 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों का सम्मान

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण वर्ष 2025 में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत के रूप में चयनित 287 ग्राम पंचायतों का सम्मान रहा। ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने टीबी उन्मूलन में ग्राम पंचायतों, स्वास्थ्य विभाग, युवाओं तथा आमजन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने का आह्वान किया।

जनभागीदारी से टीबी मुक्त भारत की ओर

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि टीबी के विरुद्ध लड़ाई केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। जोश टीम के माध्यम से युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़कर जनजागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

युवाओं की ऊर्जा, ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी, जनप्रतिनिधियों का सहयोग और स्वास्थ्य विभाग के सतत प्रयासों से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में रायपुर जिले द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने टीबी के लक्षण होने पर समय पर जांच कराने, उपचार पूरा करने, टीबी मरीजों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार रखने तथा टीबी मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया।

— जिला प्रशासन, रायपुर / मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, रायपुर

Leave Your Comment

Click to reload image