छत्तीसगढ़ / बालोद

तहसील डौंडी में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण संपन्न

 बालोद । भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के परिपालन में तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में तहसील डौंडी अंतर्गत मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य को सुचारू एवं त्रुटिरहित संचालित करने के उद्देश्य से बीएलओ एवं सुपरवाइजरों का विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

सर्किल क्रमांक 11 से 17 तक के बीएलओ को मिला प्रशिक्षण

तहसील कार्यालय डौंडी में आयोजित इस प्रशिक्षण के द्वितीय पाली सत्र में सर्किल क्रमांक 11 से लेकर 17 तक के समस्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को मास्टर ट्रेनर्स तथा निर्वाचन अधिकारियों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में निर्देशित किया गया कि बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्र में घर-घर भ्रमण कर निरंतर अद्यतनीकरण का कार्य प्राथमिकता से करें। इस दौरान छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नए व युवा मतदाताओं की पहचान कर उनसे निर्धारित प्रारूप फॉर्म-6 भरवाना सुनिश्चित करें।

ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदन की सुविधा

प्रशिक्षण में बताया गया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए पात्र नागरिक अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल  https://voters.eci.gov.in अथवा ईसीआई नेट मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

पात्र नागरिक अवश्य जुड़वाएं अपना नाम

 

तहसील प्रशासन डौंडी द्वारा क्षेत्र के समस्त पात्र नागरिकों एवं पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की गई है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम अनिवार्य रूप से दर्ज कराकर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।

Leave Your Comment

Click to reload image