परमाणु धमकी के आगे नहीं झुकेगा भारत: अनमोल शेर बेदी
संयुक्त राष्ट्र । भारत के जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र निरस्त्रीकरण सम्मेलन में स्थायी मिशन के वरिष्ठ सलाहकार अनमोल शेर बेदी ने पाकिस्तान को साफ संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद के मुद्दे पर परमाणु हथियारों की धमकी से दबने वाला नहीं है। बेदी ने कहा कि भारत परमाणु धमकी के आगे नहीं झुकेगा और किसी भी आतंकी हमले का जवाब देगा। उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि भारत के खिलाफ होने वाले किसी भी आतंकी हमले का करारा जवाब दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत आतंकवाद को समर्थन देने वालों और उसकी साजिश रचने वालों के बीच कोई फर्क नहीं करेगा। बेदी ने कहा कि पिछले साल पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों के खिलाफ चलाया गया 'ऑपरेशन सिंदूर' पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद किया गया था। इस हमले में पाकिस्तान आधारित आतंकियों ने 26 नागरिकों की हत्या कर दी थी।
उन्होंने कहा कि भारत ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की थी। साथ ही यह भी कहा कि ये कदम संतुलित, सटीक और हालात को और न बढ़ाने के लिए उठाए गए थे। न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा की प्रथम समिति की बैठक में पाकिस्तान के जिनेवा स्थित स्थायी प्रतिनिधि ताहिर अंद्राबी के बयान का जवाब देते हुए बेदी ने कहा कि परमाणु हथियारों को किसी देश की सामान्य नीति का साधन नहीं बनाया जाना चाहिए।
उनका कहना था कि अगर कोई देश छोटे स्तर के हमलों के परिणामों से बचने के लिए परमाणु खतरे का सहारा लेता है, तो इससे तनाव कम नहीं बल्कि बढ़ने का खतरा पैदा होता है। बेदी ने समिति को भरोसा दिलाया कि भारत की परमाणु क्षमता किसी खास देश को निशाना बनाने के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की परमाणु नीति पूरी तरह रक्षात्मक है। उन्होंने कहा,"यह हमारी सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से तैयार की गई है।