छत्तीसगढ़ / बिलासपुर

किसानों ने श्रमदान से की लारिपारा व्यपवर्तन नहर की सफाई

बिलासपुर, 13 अक्टूबर 2026/सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तखतपुर विकासखंड के ग्राम खरगहनी एवं खरगहना के किसानों ने सामूहिक श्रमदान कर लारिपारा व्यपवर्तन योजना की मुख्य नहर की सफाई की। दोनों गांवों के लगभग 10 से 15 किसानों ने इस कार्य में भाग लेकर मुख्य नहर के लगभग 2 से 3 किलोमीटर हिस्से की सफाई की। किसानों की इस पहल से नहर में पानी का प्रवाह सुचारु रखने और खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से किसानों ने सिंचाई संसाधनों की देखभाल के प्रति अपनी जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। सेवा संकल्प अभियान के तहत किसानों का यह प्रयास जनसहभागिता का प्रेरक उदाहरण है। अपने खेतों की जरूरतों के साथ सामुदायिक सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किया गया यह श्रमदान सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।
पटेल/
--00--

समाचार
कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने दिए निर्देश
बिलासपुर, 13 अक्टूबर 2026/कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने आज जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने उनसे मिलकर निजी एवं सामुदायिक शिकायत संबंधी आवेदन दिया। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे एवं अपर कलेक्टर श्री वीरेंद्र बहादुर पंचभाई ने भी लोगों की समस्याएं सुनी।          
           जनदर्शन में आज कोटा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत आमामुड़ा के ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर बताया कि शासकीय प्राथमिक शाला के दो शिक्षक नियमित रूप से स्कूल आने के बावजूद पढ़ाई के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं। उन्होंने एक शिक्षक के शराब पीकर आने तथा बच्चों को पढ़ाई नहीं कराने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। शहरी क्षेत्रों के चार सेजेस स्कूलों में कार्यरत नर्सरी शिक्षिकाओं एवं आया ने पिछले तीन माह से लंबित मानदेय दिलाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। तखतपुर तहसील के ग्राम पंचायत अरईबंद क्षेत्र के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि को आबादी भूमि घोषित करने के लिए आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि वे लगभग 21 वर्षों से मकान बनाकर निवास कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उनके पास रहने के लिए अन्य भूमि नहीं है। ग्राम पंचायत मेड़पार बाजार की निवासी प्रमिला घृतलहरे ने कृषि सखी के पद पर दोबारा नियुक्त करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2023 से छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कृषि सखी के रूप में कार्य कर रही थीं। अचानक तबीयत खराब होने के कारण वह एक माह तक समय नहीं दे पाईं, जिसके बाद उन्हें पद से हटा दिया गया। उन्होंने प्रशासन से उनकी परिस्थिति पर विचार करते हुए दोबारा पद पर रखने की अनुमति देने का आग्रह किया है।
        बिलासपुर नगर निगम क्षेत्र की दीनदयाल कॉलोनी के निवासियों ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्या को लेकर शिकायत की है। ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ने के कारण पिछले दो माह से कॉलोनी में बिजली संबंधी परेशानियां बनी हुई हैं। बार-बार बिजली आने-जाने से घरों में लगे टीवी, फ्रिज, एसी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के खराब होने की आशंका बनी रहती है। निवासियों ने संबंधित बिजली विभाग से नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने की मांग की है। कलेक्टर ने सभी की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए।
रचना/
--00--
सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी
बेटी के विवाह प्रमाण पत्र के लिए नहीं करना पड़ा लंबा इंतजार, अगले ही दिन हुआ काम

सेवा सेतु पोर्टल से छेदी दास को मिली राहत, आसान हुई प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया
बिलासपुर, 13 अक्टूबर 2026/शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं को सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से नागरिकों तक पहुंचाने की दिशा में सेवा सेतु पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में रतनपुर तहसील कार्यालय में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदक छेदी दास को मात्र एक दिन के भीतर विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। त्वरित कार्यवाही से उन्हें आवश्यक शासकीय कार्यों को पूरा करने में सुविधा मिली है।
   ग्राम मोंहदा निवासी छेदी दास ने अपनी पुत्री रेनू मानिकपुरी के विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय रतनपुर में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कार्यालय के संचालक के समक्ष आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा किया। उनके आवेदन पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 5 अक्टूबर 2026 को आवेदन की प्रक्रिया शुरू की गई। संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन एवं आवश्यक कार्यवाही के बाद विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। छेदी दास ने बताया कि विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्हें लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। आवेदन जमा करने के अगले ही दिन प्रमाण पत्र प्राप्त हो जाने से उन्हें काफी राहत मिली है। उन्होंने सेवा सेतु के माध्यम से मिली त्वरित सुविधा पर संतोष व्यक्त किया। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाएं सरल और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। एक दिन के भीतर विवाह प्रमाण पत्र जारी किया जाना प्रशासन की तत्परता और समयबद्ध सेवा व्यवस्था का उदाहरण है। इस प्रकार की पहल से नागरिकों का समय बच रहा है और उन्हें अपने जरूरी दस्तावेज प्राप्त करने के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
    तकनीक आधारित सेवाओं और त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई के समन्वय से आम नागरिकों को शासन की सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सकता है। समयबद्ध सेवा और त्वरित निराकरण सुशासन की पहचान हैं, जो नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत करते हैं।
रचना/
--00--
समाचार
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका भर्ती : दावा आपत्ति 23 अक्टूबर तक
बिलासपुर, 13 अक्टूबर 2026/एकीकृत बाल विकास परियोजना बिल्हा अंतर्गत ग्राम उमरिया केंद्र क्र. 1 में आं.बा. कार्यकर्ता, ग्राम पत्थरखान केंद्र क्र. 2 में आं.बा. सहायिका एवं ग्राम कड़ार केंद्र क्र. 1 में आं.बा. सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्राप्त आवेदनों के जांच के उपरांत अनंतिम मूल्यांकन पत्रक जारी किया गया है। दावा आपत्ति स्वयं सप्रमाण 23 अक्टूबर 2026 तक ई-भर्ती ऑनलाईन लिंक https://aww.e-bharti.in/login में दावा आपत्ति प्रस्तुत कर सकते है।
रचना/
--00--
समाचार
फ्लाइंग किक चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ को मिला तीसरा स्थान

जिले के 15 खिलाड़ियों ने जीते 12 स्वर्ण और 3 रजत पदक
बिलासपुर, 13 अक्टूबर 2026/मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बैडमिंटन हॉल में आयोजित ट्रायबल स्पोर्ट्स एंड कल्चर फेस्टिवल मेयर्स कप 10वीं नेशनल फ्लाइंग किक भारत मार्शल आर्ट चैंपियनशिप 2026 में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश को तीसरा स्थान दिलाया। प्रतियोगिता में बिलासपुर जिले के 15 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करते हुए कुल 12 स्वर्ण और 3 रजत पदक हासिल किए।
       इस राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में देश के आठ राज्यों से लगभग 500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में मान्यता, भावेश, आदित्य कुमार, आदित्य, मानिकपुरी, संजनी जोशी, आसना, वाशु जैन, खुशी कुमारी, अमन गेंडारे, देवराज, आर्यन सागर, गुलमित्र बांधी, जतिन कुमार, गौरव कुमार और शिवांश सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन खेल कौशल और मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।
        प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर लौटे खिलाड़ियों का रेलवे स्टेशन पर गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। खिलाड़ियों के स्वागत से माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। इंटरनेशनल मास्टर गणेश सागर एवं फ्लाइंग किक के अध्यक्ष उमाशंकर साहू ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
--00--

Leave Your Comment

Click to reload image